विवि परिसर भकुरा में कराया था भूमि समतलीकरण का काम

अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा के भकुरा स्थित नवीन परिसर में कराए गए भूमि समतलीकरण और झाड़ियों की सफाई के काम का भुगतान अब तक नहीं होने से ठेकेदार परेशान है। ठेकेदार ने कुलपति को लिखित आवेदन देकर 8 लाख 23 हजार 200 रुपये का बकाया बिल को स्वीकृत देकर भुगतान कराने की मांग की है।
ट्रैक्टर एवं एग्रीकल्चर सर्विस के नागेन्द्र सिंह ने आवेदन में बताया है कि, संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय के नवीन परिसर भकुरा में किराए के ट्रैक्टर-डोजर में ईंधन और चालक लगाकर वह भूमि समतलीकरण एवं झाड़ियों की सफाई का कार्य किया था। यहां कुल 7 ट्रैक्टर-डोजर 14-14 दिन तक काम में लगे थे। प्रति घंटा 1050 रुपये की दर से 8-8 घंटे काम हुआ। इस हिसाब से कुल 56 घंटे और 8,23,200 रुपये का बिल बनता है। आरोप है कि, काम के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अब तक बिल पास नहीं किया गया है। बिल पास नहीं होने के कारण उसे किसानों को भुगतान करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक परेशानी हो रही है। ठेकेदार का कहना है कि वे काफी दिनों से विश्वविद्यालय का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें भगा दिया जाता है। ठेकेदार ने कुलपति से उक्त कार्यों का बिल शीघ्र स्वीकृत करने का आग्रह किया है।

Spread the love