बेहतर बोर्ड परीक्षा परिणाम, बालिका शौचालय निर्माण, एलुम्नाई एसोसिएशन गठन एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा के निर्देश
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पेंड्रा के सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर परीक्षा परिणाम तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों एवं प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने बालिका शौचालय विहीन विद्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर उपयुक्त स्थान चिन्हित कर शीघ्र शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालय परिसरों में नए भवन स्वीकृत हुए हैं, वहां निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पहले अनुपयोगी एवं जर्जर भवनों को हटाने की कार्रवाई की जाए।
               पिछले वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में जिले के बेहतर परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से इस वर्ष परिणाम को और उत्कृष्ट बनाया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का दायित्व केवल विद्यार्थियों को परीक्षा में उत्तीर्ण कराना नहीं, बल्कि उनका उज्ज्वल भविष्य गढ़ना भी है। यदि शिक्षक का विद्यार्थी उससे भी आगे बढ़कर समाज में अपनी पहचान बनाए, तो यही शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने समयबद्ध रूप से पाठ्यक्रम पूर्ण कराने तथा त्रैमासिक एवं अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों का नियमित मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रत्येक विद्यालय में पूर्व विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए एलुम्नाई एसोसिएशन का गठन करने पर बल देते हुए कहा कि इससे विद्यालयों के विकास के साथ-साथ वर्तमान विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन एवं प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों के परीक्षा परिणामों में और सुधार लाने के निर्देश भी दिए।
            बैठक में नवीन व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत ऐसे पाठ्यक्रम संचालित करने पर जोर दिया गया, जिनसे विद्यार्थियों को भविष्य में रोजगार अथवा स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हों। समावेशी शिक्षा के तहत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर हेल्थ योग, चिकित्सकीय सहायता तथा आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले सभी शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरण समय-सीमा से पूर्व तैयार करने, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा शासन स्तर से जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
            कलेक्टर ने सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पात्र छात्राओं को साइकिल वितरित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में पाठ्यपुस्तक वितरण, उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम, यूनिसेफ समर्थित बालिका शिक्षा कार्यक्रम, अपार आईडी, बीएमयू, स्काउट-गाइड एवं एनसीसी सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री आकांक्षा पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य, संकुल समन्वयक तथा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों एवं सौ सीटर छात्रावासों के अधीक्षक उपस्थित थे।

Spread the love