सूरजपुर वनमंडल में डब्ल्यूसीसीबी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने की बड़ी कार्रवाई

सूरजपुर। वनमंडल सूरजपुर और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो केंद्रीय क्षेत्र भोपाल की संयुक्त टीम ने वन्यजीव अंगों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ओड़गी भैयाथान मार्ग पर चलाए गए एक सफल संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान बाघ की खाल (मांस) और पैंगोलिन के शल्क (स्केल) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में टीम को सफलता मिली है। तस्करों के पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त किया गया है।
वनमंडल कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई को सेंट्रल रीजन भोपाल से सूचना मिली थी कि सूरजपुर वनमंडल के अंतर्गत वन्यजीवों की खाल और अन्य अवशेषों की तस्करी होने की संभावना है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वनमण्डलाधिकारी सूरजपुर के निर्देशानुसार वनकर्मियों और डब्ल्यूसीसीबी भोपाल के सदस्यों की दो संयुक्त टीमों का गठन किया गया। प्राप्त लोकेशन और इनपुट के आधार पर दोनों टीमों को सूरजपुर और कुदरगढ़ वनपरिक्षेत्र की ओर रवाना किया गया। संदिग्धों की गतिविधियों का पता चलने पर ओड़गी-भैयाथान मार्ग पर ग्राम बैजनाथपुर के पास धरसेड़ी रोड पर घेराबंदी करके भैयाथान की ओर आ रहे 3 व्यक्तियों को संदेह के आधार पर रोककर पूछताछ की गई। इनका हावभाव संदेहास्पद पाए जाने पर उनके पास मौजूद सामानों की तलाशी ली गई, इस दौरान इनके कब्जे से अवैध वन्यजीव सामग्री (बाघ की खाल और पैंगोलिन के शल्क) बरामद किया गया।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
मौके पर पूछताछ के बाद तीन आरोपियों टिकेश्वर प्रसाद राजवाड़े 38 वर्ष निवासी ग्राम धरसेड़ी ओड़गी, भुखनलाल 56 वर्ष निवासी भंवरखोह ओड़गी, गरीबलाल 58 वर्ष निवासी भंवरखोह थाना ओड़गी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है। आरोपियों के कब्जे से बाघ की खाल (मांस), वन्यजीव पैंगोलिन का शल्क (स्केल) तथा तस्करी में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीएन 7494 को जब्त किया गया।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
वनमण्डलाधिकारी सूरजपुर के निर्देशानुसार गठित वनकर्मियों और डब्ल्यूसीसीबी भोपाल के सदस्यों की दो संयुक्त टीमों में वनकर्मी रमेश सिंह, मनोज जायसवाल, महेन्द्र प्रसाद, सत्यप्रकाश, राजाराम और अजय राजवाड़े के साथ डब्ल्यूसीसीबी के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। इसके अलावा अंबिकापुर और कुदरगढ़ वनपरिक्षेत्र की टीमें भी इस अभियान में शामिल थीं।
बयान
अवैध तस्करी में अन्य व्यक्तियों के भी शामिल होने की संभावना है। फिलहाल मामले में अग्रिम विवेचना जारी है।
डी.पी. साहू, वनमण्डलाधिकारी सूरजपुर

Spread the love