अंबिकापुर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के 98वें स्थापना दिवस पर 16 जुलाई को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अफ्रीकन स्वाइन फीवर (एएसएफ) की स्वदेशी वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित किया।
इस वैक्सीन का फील्ड ट्रायल मार्च 2026 से शासकीय सुकर फार्म सकालो, अंबिकापुर में चल रहा था। परीक्षण राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (निहसाद) भोपाल के वैज्ञानिकों डॉ. राजू कुमार, डॉ. सैन्थिल, डॉ. वेंकटेश और फतेह सिंह की तकनीकी देखरेख में हुआ। फार्म प्रबंधक डॉ. अजय अग्रवाल और डॉ. सी.के. मिश्रा ने ट्रायल का संचालन किया।
एएसएफ सूकरों का अत्यंत घातक वायरल रोग है, जो घरेलू और जंगली दोनों प्रकार के सुकरों को प्रभावित करता है। इसमें मृत्यु दर 100 प्रतिशत तक हो सकती है, और अभी तक भारत सहित विश्व के अधिकांश देशों में इसकी कोई कारगर दवा या व्यवसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। भारत में एएसएफ वैक्सीन का यह पहला फील्ड ट्रायल है। विशेषज्ञों का मानना है कि, इस वैक्सीन से देशभर के सूकर पालकों को आर्थिक नुकसान से बचाने में बड़ी मदद मिलेगी।

Spread the love