0 जिपं सभाकक्ष में हुई ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक 

सूरजपुर। शनिवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिपं सीईओ  विजेंद्र सिंह पाटले सहित विभागीय अधिकारी एवं मैदानी अमला उपस्थित रहा। उस दौरान मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना व स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महतारी सदन निर्माण सहित पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में कलेक्टर  ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रत्येक स्वीकृत आवास की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा निर्माण कार्य की दैनिक प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि तकनीकी अमला प्रतिदिन निर्माणाधीन आवासों का स्थल निरीक्षण करे तथा निर्माण कार्य के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करे, जिससे कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हो सके। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले ने महतारी सदन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन भवनों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से ग्राम पंचायतों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत को स्वच्छता के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए सतत प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, ठोस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, सामुदायिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर सोकपिट निर्माण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा तथा अन्य विभागीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उप संचालक पंचायत, कार्यपालन अभियंता आरईएस, एपीओ मनरेगा, डीसी आवास, डीपीएम बिहान, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एसडीओ, सहायक अभियंता, उप अभियंता, तकनीकी सहायक, बीएफटी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 एक-एक आवास की नियमित करें मॉनिटरिंग

कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को योजना के शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवास योजना  शासन की प्राथमिकता वाली योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्वीकृत आवास की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्माण कार्य की प्रगति पर प्रतिदिन नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि तकनीकी अमला प्रतिदिन निर्माणाधीन आवासों का भ्रमण करे और फील्ड में आने वाली तकनीकी समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करे, ताकि किसी भी कारण से निर्माण कार्य बाधित न हो।उन्होंने सभी जनपद पंचायतों को प्रतिदिन आवास चौपाल आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि हितग्राहियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाए। जमीनी अमले की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा की जाए तथा प्रगति के आधार पर आवश्यक मार्गदर्शन और जवाबदेही तय की जाए।

Spread the love