बलरामपुर। जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम तिकीदिरी में एक कलयुगी बेटे ने मामूली घरेलू बात पर अपनी ही मां पर डंडे और टांगी से हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला का उपचार रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम तिकीदिरी निवासी कमला देवी 62 वर्ष ने बरसात शुरू होने के कारण अपने पुत्र संतोष रजक 40 वर्ष से घर का खपड़ा छाने के लिए कहा था। मां की यह बात बेटे को इतनी नागवार गुजरी कि वह आपा खो बैठा। गुस्से में पहले उसने डंडे से मां की बेरहमी से पिटाई की और फिर टांगी से हमला कर दिया। इस हमले में कमला देवी के सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। स्वजन ने घायल महिला को तत्काल रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। परिजनों का कहना है कि संतोष का हिंसक व्यवहार पहले भी सामने आ चुका है। वह पूर्व में भी अपनी मां और पिता पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
छोटा पुत्र जान बचाने डेढ़ किमी दौड़ लगाया
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलने पर छोटा बेटा अजीत अपनी मां को बचाने पहुंचा, लेकिन आरोपी संतोष टांगी लेकर उसके पीछे भी दौड़ पड़ा। जान बचाने के लिए अजीत को करीब डेढ़ किलोमीटर तक भागना पड़ा और जंगल में छिपकर अपनी जान बचाया।

Spread the love