13 परीक्षा केन्द्रों में 5,212 अभ्यर्थी होंगे शामिल, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबं
अंबिकापुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए), नई दिल्ली द्वारा 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 प्रवेश परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जिले में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शनिवार को जिले के सभी 13 परीक्षा केन्द्रों में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा एवं परीक्षा संचालन संबंधी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। जिले में कुल 5,212 पंजीकृत अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा का आयोजन अपराह्न 2 बजे से सायं 5.15 बजे तक किया जाएगा।
मॉक ड्रिल के दौरान सिटी कोऑर्डिनेटर, जिला प्रेक्षक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा सभी परीक्षा केन्द्रों की तैयारियों का परीक्षण किया गया। प्रत्येक केन्द्र पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर एवं बायोमेट्रिक उपकरणों की स्थापना एवं कार्यशीलता सुनिश्चित की गई। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी के लिए पृथक व्यवस्था, महिला अभ्यर्थियों हेतु अलग कक्ष तथा महिला कर्मियों द्वारा तलाशी की व्यवस्था का परीक्षण किया गया। इसके अलावा परीक्षा कक्षों के भीतर दस्तावेज सत्यापन डेस्क की स्थापना, बैठक व्यवस्था का प्रदर्शन, रोल नंबर स्टिकर चस्पा करने, जनरेटर अथवा डीजी सेट की उपलब्धता, सुरक्षा बलों की तैनाती, पर्यवेक्षकों के उन्मुखीकरण, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं तथा दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी नवीन प्रवेश पत्र की स्पष्ट रंगीन प्रति, एक अतिरिक्त पासपोर्ट आकार का फोटो, 4/6 इंच का पोस्टकार्ड आकार का फोटो तथा आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी अथवा ड्राइविंग लाइसेंस जैसे मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) अभ्यर्थियों को आवश्यकतानुसार संबंधित प्रमाण-पत्र भी साथ रखना होगा। सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पहुंचने, जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा विलंब से बचने की अपील की गई है।
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था
परीक्षा दिवस पर प्रश्नपत्रों के ट्रंक बैंक से परीक्षा केन्द्रों तक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की उपस्थिति में शासकीय वाहन से पहुंचाए जाएंगे। प्रश्नपत्रों के दो सेट दो अलग-अलग बैंकों में सुरक्षित रखे गए हैं, जिनमें से केवल एक बैंक से संबंधित ट्रंक को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की अनुमति प्राप्त होने के पश्चात परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचाया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव के लिए पृथक स्ट्रांग रूम एवं पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
परीक्षार्थियों को समय पर पहुंचना अनिवार्य
जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा केन्द्रों के द्वार प्रात: 11 बजे से खोल दिए जाएंगे तथा अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग प्रक्रिया प्रारंभ होगी। धार्मिक अथवा पारंपरिक परिधान जैसे हिजाब, पगड़ी अथवा कृपाण धारण करने वाले अभ्यर्थियों को दोपहर 12.30 बजे तक परीक्षा केन्द्र में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को दोपहर 1.15 बजे तक अपनी निर्धारित सीटों पर बैठना प्रारंभ करना होगा, जबकि दोपहर 1.30 बजे के पश्चात किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। दोपहर 1.45 बजे प्रश्न पुस्तिका का वितरण किया जाएगा तथा परीक्षा का औपचारिक प्रारंभ दोपहर 2 बजे होगा।
जारी दिशा-निर्देशों का करना होगा पालन
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले वस्त्र पहनकर आने की अनुमति होगी। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के वस्त्र पहनना प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक परिधान धारण करने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। परीक्षा केन्द्र में केवल चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी। किसी भी प्रकार के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष में ले जाना पूर्णत: वर्जित रहेगा।

Spread the love