अंबिकापुर। चोरी का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने दंपति की जमकर पिटाई कर दी, जिसमें दोनों घायल हो गये। इलाज के दौरान महिला के पति की मौत हो गई। महिला को भी चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्से में चोट आई है। घटना एमसीबी जिला के ग्राम कठौतिया की है। मामले में स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मारपीट के दौरान महिला के नाक में पहने सोने का नथिया, नकद रकम और पायल गायब होने का आरोप स्वजन लगा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक राजकुमार पिता सत्यनारायण मूलत: मध्य प्रदेश के सागर जिला अंतर्गत ग्राम पमखेड़ी का रहने वाला था, जो छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिला अंतर्गत ग्राम कठौतिया स्थित ससुराल आया था। उसकी पत्नि परमिला अपने मायके में डेढ़ माह पहले शुगर से पीड़ित पिता को देखने के लिये आई थी। 14 जून की रात को करीब एक बजे उसका पति शराब पीने के बाद सागर वापस चलने के लिए कहा, जिस पर वह बोली कि पिताजी बीमार हैं, उनको छोड़कर अभी नहीं जाऊंगी। इसी बात को लेकर उसका पति से झगड़ा, विवाद हुआ और राजकुमार घर जा रहा हूं, कहते हुये अपने ससुराल घर से निकल गया। कुछ देर बाद परमिला अपने पति को खोजने निकली, और देर रात करीब 3 बजे ग्राम बिछली तक पहुंच गई, यहां उसका पति रोड के किनारे मिला। इसी दौरान ग्राम बिछली निवासी गजरूप सिंह पिता हरिलाल गोंड़ सहित अन्य लोग वहां आ गये, और तुम लोग चोरी करने आये हो, कहते हुये महिला और उसके पति से गाली-गलौज करते हुये जान से मारने की धमकी देकर हाथ, मुक्का और डंडे से मारपीट करने लगे, जिसमें उसके पति को गंभीर चोट आई थी, वहीं महिला को चेहरे, पीठ, कुल्हे में चोट आई थी। इनके चंगुल से निकलकर महिला जैसे-तैसे मायके पहुंची और अपनी मां बताशा बाई सहित अन्य को घटना के बारे में बताई। दोनों पति-पत्नि का प्राथमिक उपचार नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में कराने के बाद स्वजन ने घटना की रिपोर्ट क्षेत्रीय थाने में दर्ज कराई थी। वहीं राजकुमार की स्थिति गंभीर देखते हुये मनेन्द्रगढ़ से चिकित्सक ने उसे रिफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम किया है, और आहत के मृत्यु की सूचना घटना थाना क्षेत्र के पुलिस को दी है। मारपीट के मामले में अब पुलिस हत्या का केस दर्ज करेगी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Spread the love