हाईवे पर झांपि नाला के पास तड़के हुआ हादसा, चालक ने कूदकर बचाई जान

जरही। अंबिकापुर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर स्थित झांपि नाला के पास गुरुवार को तड़के लगभग 4 बजे इलेक्ट्रिक कार वाहन गड्ढे में गिर गई, इसके बाद कार में भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। चालक ने सूझबूझ और फुर्ती दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक, पहाड़ अमोरनी निवासी विक्रांत करण कुलदीप 27 वर्ष पिता स्व. बालकरन कुलदीप अपनी एमजी विंडसर इलेक्ट्रिक कार क्रमांक सीजी 29 एएच 5954 से अंबिकापुर से अपने गांव लौट रहा था। झांपि नाला के समीप सामने से आ रहे ट्रक की तेज हेडलाइट की चकाचौंध में उसका वाहन से नियंत्रण हट गया, और देखते ही देखते कार सड़क छोड़कर गहरे गड्ढे में जा गिरी। घटना के कुछ ही क्षण बाद कार से धुआं उठने लगा और आग लग गई। चालक विक्रांत ने तुरंत वाहन से बाहर छलांग लगा दी, और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी तरह से कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गई।
विक्रांत ने डॉयल 112 को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही डॉयल 112 में तैनात राकेश साहू एवं चालक सुधारण लकड़ा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मामूली चोटें होने की पुष्टि की और घर भेज दिया। बताया जा रहा है कि विक्रांत का अंबिकापुर में भी निवास है, और पहाड़ अमोरनी में उसका फार्म हाउस है। इसी कारण उनका इस मार्ग पर नियमित आना-जाना होता है, लेकिन गुरुवार की सुबह यह सफर एक भयावह हादसे में बदल गया। हादसे में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई है।

Spread the love