अंबिकापुर। ठेकेदार बनकर हार्डवेयर और इलेक्ट्रिकल दुकान में पत्नि के साथ पहुंचे कार सवार ने दुकान संचालक से सामान लेने के बाद एक लाख 28 हजार रुपये का चेक दिया। व्यवसायी ने अलग दिन बैंक में चेक लगाया, तो पता चला कि खाते में पैसा नहीं है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
सरगुजा जिला के सीतापुर मुख्य मार्ग में स्थित अग्रवाल हार्डवेयर एंड इलेक्ट्रिकल के संचालक, भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के संयोजक पीताम्बर अग्रवाल ने पुलिस को बताया है कि 8 जून को शाम करीब 5 बजे अर्टिगा कार क्रमांक सीजी 12 बीयू 8125 में अपरिचित ग्राहक ठेकेदार बनकर आया और दुकान से बिजली का सामान, पुट्टी, तार लिया और अपना नाम गोपाल गोयल निवासी कोरबा बताया, साथ में उसकी पत्नि भी थी। सामान लेने के बाद भुगतान के लिए एक लाख 27 हजार 490 रुपये की जगह एक लाख 28 हजार रुपये का चेक प्रेम राठौर के नाम का देते हुये कहा गया कि 9 जून को स्टेट बैंक से भुगतान हो जायेगा। इसे बैंक में जमा करने पर पता चला कि, खाता में पैसा नहीं है। ठेकेदार के लड़के कोरबा निवासी राज गोयल को फोन करने पर वह कहा कि, प्रेम राठौर हॉस्पिटल गये हैं, एक-दो दिन में चेक क्लियर हो जाएगा। पुलिस चेक अपने कब्जे में लेकर आवश्यक जांच, कार्रवाई कर रही है।

Spread the love