सुशासन तिहार के प्राप्त आवेदनों को समय पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के दिए निर्दे
अंबिकापुर। कलेक्टर अजीत वसंत ने सोमवार को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों में प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों पर प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों के निराकरण में प्रगति विभाग की कार्यशैली दर्शाती है, इसलिए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निराकरण किया जाये। आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये, कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर उनकी समस्या के निराकरण की पुष्टि करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यथासंभव एल 1 स्तर पर ही शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण में प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मांग संबंधी आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि मांग संबंधी सभी आवेदन जल्द से जल्द पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को समय पर लाभ मिल सके। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित एवं निराकृत आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों से आवेदन निराकरण की स्थिति, प्रगति तथा शेष मामलों की जानकारी ली गई। समीक्षा के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि आवेदनों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब न हो। अन्य प्राप्त शिकायतों को भी गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने डीएमएफ एवं अन्य मदों तहत स्वीकृत, पूर्ण और प्रगतिरत कार्यों की विभागवार जानकारी ली। पिछले वर्ष के सभी निर्माण कार्यों को समय-सीमा पर पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। जनपद पंचायतवार विभिन्न पंचायत के स्वीकृत निर्माण कार्य के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर प्रस्तावित आरआरसी प्रकरणों की समीक्षा कर समय अवधि में लंबित वसूली कार्य पूर्ण करने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक एवं रामसिंह ठाकुर, नगर निगम कमिश्नर डीएन कश्यप सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में नक्शा प्रोजेक्ट में प्रगति, एग्रिस्टेक पंजीयन, जाति प्रमाणपत्र में प्रगति, एनएचएम अंतर्गत भर्ती, ई केवाईसी में प्रगति, आयुष्मान कार्ड निर्माण, डीएमएफ अंतर्गत अपूर्ण कार्यों की स्थिति सहित अन्य विषयों पर समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि पर समीक्षा की गई।

Spread the love