अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के जयनगर थाना अंतर्गत 11 दिन पूर्व ब्याही किशोरी अपने मायके में कीटनाशक का सेवन करके जान दे दी। मृतिका ने विवाह के दो दिन बाद ही अपने पति को बताया था कि वह किसी और लड़के को पसंद करती है। इसके बाद 8 मई को मायके पक्ष के लोग चैथी विदाई कराकर उसे घर ले आए थे।  
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिला के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नरसिंहपुर की 17 वर्षीय किशोरी का सूरजपुर जिला के लटोरी पुलिस चौकी अंतर्गत रहने वाले जायसवाल परिवार के एक लड़के से देवरी शिवपुर मंदिर में विवाह हुआ था, और मायके से ही ससुराल विदाई हुई थी। विवाह के दो दिन नहीं हुए थे कि लड़की ने अपने पति से कहा कि वह किसी और को पसंद करती है, आपके साथ नहीं रहूंगी। इसके बाद 8 मई को लड़की के भाई और नानी चौथिया कार्यक्रम के लिए लेने उसके ससुराल गए और विदाई कराके लड़की को मायके नरसिंहपुर ले आए थे। 15 अप्रैल को लड़की ने अपने पिता को मोबाइल में फोन करके और व्हाट्सअप में फोरेट नामक कीटनाशक दवा का फोटो भेजकर आगाह कराया कि वह अपना जीवन त्यागने जा रही है। इस पर पिता ने उसे जहर सेवन नहीं करने कहा। पिता जब तक वापस घर लौटता, उसकी पुत्री कीटनाशक का सेवन कर ली थी, उसके मुंह से कीटनाशक का गंध आ रहा था। कारण पूछने पर वह कुछ नहीं बताई। स्वजन उसे राजपुर स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, यहां से रेफर करने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।  
दूसरे लड़के से करना चाहती थी विवाह
मृतिका के पिता ने पुलिस को बताया है कि, उनकी लड़की हाल में कक्षा नवमीं उत्तीर्ण की थी। उसका पिछले एक-डेढ़ माह से अंतरजातीय एक लड़के से परिचय हुआ, दोनों आपस में बातचीत करते थे। बढ़ती उम्र के साथ वे लड़की के लिए रिश्ता देख रहे थे, इसी बीच वह किरकिमा गांव के एक लड़के को पसंद करने की बात कही। परिवार के सदस्यों ने उसे समाज का हवाला देते हुए बिरादरी के लड़के से शादी करने कहा और लटोरी क्षेत्र के एक युवक से रिश्ता तय होने के बाद उसका विवाह करा दिया था। विवाह के बाद स्वजन को उम्मीद थी कि, सब ठीक हो जाएगा, इसके बाद बने हालात से पूरा परिवार शोकाकुल है।  

Spread the love