सोशल मीडिया और मोबाइल से बनाकर रखी दूरी
अंबिकापुर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अंबिकापुर के मेधावी छात्र चिरागदीप ने सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा में 91 प्रतिशत अंक हासिल करके न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, बल्कि जिले के होनहार छात्रों की सूची में भी अपना नाम दर्ज कराया है। चिरागदीप की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और परिजनों में हर्ष का माहौल है, सभी ने चिराग के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
चिरागदीप के पिता रंजन सोनी और माता आरती सोनी ने बताया कि, बेटे ने  सेल्फ स्टडी और स्कूल के शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह मुकाम हासिल किया। चिरागदीप ने बताया कि वह रोज सुबह 5 बजे उठकर 2 घंटे पढ़ाई करता था और स्कूल से आने के बाद भी 4-5 घंटे सेल्फ स्टडी साल भर जारी रहा। एनसीईआरटी को बेस बनाया और हर सप्ताह रिवीजन का टाइम टेबल फॉलो किया। चिराग ने इस बीच सोशल मीडिया और मोबाइल से दूरी बनाकर रखी। विद्यालय के प्राचार्य का कहना है कि चिरागदीप शुरू से ही अनुशासित और जिज्ञासु छात्र रहा है। क्लास में हमेशा सवाल पूछता था, डाउट क्लियर करने में सबसे आगे रहता था। उसकी यह सफलता अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा है। चिराग के पिता रंजन सोनी वरिष्ठ पत्रकार हंै। उन्होंने बताया कि, हमने कभी बेटे पर नंबर का दबाव नहीं बनाया, बस इतना कहा कि मेहनत में कमी मत करना, आज उसने हमारा सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। इनकी माता आरती सोनी खुद एक शिक्षिका हंै, उन्होंने परीक्षा के दिनों में चिरागदीप का खाना-पीना और नींद का पूरा ध्यान रखा, और सही मार्गदर्शन देती रही। यही कारण है कि आज सफलता मिली है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने  गुरु खासकर राजू गुप्ता एवं अपनी माता आरती सोनी को दिया है। चिरागदीप अब जेईई एडवांस की तैयारी में जुट गया है। उनका सपना आईआईटी के जरिये इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना है।

Spread the love