लखनपुर। थाना अंतर्गत चौकी कुन्नी के ग्राम पंचायत लिपिंगी, मुड़ापारा के ग्राम ससकालो सकरबंधा में गांव का 57 वर्षीय बुजुर्ग बेचुराम मझवार पिता शनिचर मझवार अपने खेत में महुआ उठाने गया था, इसी दौरान गांव के मोहित राम मझवार पिता बालक राम और उसकी पत्नी सुखनी बाई ने उन पर प्राणघातक हमला कर दिया। आरोपियों ने बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से लगातार वार करके उनके दाएंं पैर को बुरी तरह से जख्मी कर दिया था। बुजुर्ग होने के कारण बेचुराम खुद का बचाव नहीं कर सके। गांव के सुखवारो, सुखसाय और एक अन्य महिला ने दौड़कर बीच-बचाव किया, जिससे आरोपी पति-पत्नी मौके से भाग गए। आहत बुजुर्ग लगभग एक घंटे तक जमीन पर बेहोश पड़े रहा। सूचना मिलने पर पुत्र वीर साय पहुंचा और निजी वाहन से उन्हें कुन्नी चौकी ले गया। यहां प्रथम सूचना दर्ज कराने के बाद बुजुर्ग को अंबिकापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उपचार के बाद बुजुर्ग को छुट्टी दे दी है। परिजनों का आरोप है कि जांच रिपोर्ट नहीं मिलने का बहाना बनाकर पुलिस ने एक महीने तक कोई कार्रवाई नहीं की। रिपोर्ट के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कुन्नी पुलिस ने आरोपी मोहित राम और सुखनी बाई के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इससे आरोपी पति-पत्नी का हौसला और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों ने दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करके सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Spread the love