संलग्नीकरण को समाप्त करके मूल पदस्थापना स्थल हेतु किया गया था कार्यमुक्त

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन सरगुजा के जिला संयोजक कमलेश सोनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं सरगुजा संभाग से सौजन्य भेंट किया। इन्हें अवगत कराया गया कि, संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं रायपुर ने स्वास्थ्य संस्थाओं में मूल संस्थाओं से अन्य संस्थाओं में संलग्न समस्त चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों के संलग्नीकरण को समाप्त करने हेतु निर्देश दिये गये हैं। इसके तहत जे.डी. स्वास्थ्य सेवायें अंबिकापुर एवं सी.एम.एच.ओ. सरगुजा द्वारा समस्त चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों के संलग्नीकरण को समाप्त करके मूल पदस्थापना स्थल हेतु कार्यमुक्त किया गया था। कार्यमुक्त करने पर जिला सरगुजा के संबंधित चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों के इलाज एवं कार्यालयीन कार्य प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सरगुजा द्वारा शहरी स्वास्थ्य केन्द्र नवापारा में 16 चिकित्सा कर्मियों को पूर्ववत कार्य संपादन करने हेतु 22 अप्रैल को कार्यादेश जारी किया गया है। बताया गया है कि स्वास्थ्यगत कारणों एवं पारिवारिक समस्याओं के कारण संलग्न चिकित्सा कर्मियों एवं लिपिकों को कार्यमुक्त करने पर अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों में भी कार्य प्रभावित होने की संभावना है। फेडरेशन ने जनहित को देखते हुए कार्यमुक्त किये गये कर्मचारियों से पूर्ववत कार्य कराने के निर्देश देने की मांग संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सरगुजा संभाग से की है। जे.डी. स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त होने के उपरांत आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। उचित कार्रवाई नहीं होने पर फेडरेशन ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस दौरान जिला संयोजक कमलेश सोनी, संजय यादव, विरेन्द्र यादव, रिता कुर्रे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Spread the love