अंबिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत शराब के नशे में धुत पिता ने फुलकी खाने की बात पर अपने ही बेटे पर तीर-धनुष से हमला कर दिया। पेट में तीर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को अस्पताल लाने के पहले तीर निकाल दिया गया था, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई थी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के आईसीयू में भर्ती युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उसे रिफर कर दिया था। युवक को लेकर स्वजन रायपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम खिरखिरी का राजेश पिता दुशंत पहाड़ी कोरवा 28 वर्ष फुलकी के ठेले का संचालन करता है। शुक्रवार को दोनों पिता-पुत्र दोनों शराब पिए थे। पिता अपने पुत्र से फुलकी मांग रहा था, इसे लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी और गुस्से में पिता ने अपने पुत्र पर धनुष से तीर चला दिया। तीर सीधे युवक के पेट में लगा, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर गया। घटना से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्वजन विलाप करने लगे। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर डॉयल 112 के साथ पुलिस पहुंची और सड़क मार्ग से दूर स्थित घर के पास घायल अवस्था में पड़े युवक को कपड़े में ढो-टांगकर वाहन तक लेकर पहुंचे। युवक को शाम करीब 6 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के आपातकालीन चिकित्सा परिसर में लाया गया, यहां आवश्यक उपचार सुविधा मुहैया कराने के बाद युवक को सर्जिकल आईसीयू में भर्ती कर लिया गया था। डॉ. अभिजीत दीवान ने बताया कि युवक के पेट व छाती के बीच धंसे तीर को आनन-फानन में गांव में ही निकाल देने से जख्म गंभीर हो गया था, और छाती में खून जमा होने से उसकी स्थिति गंभीर थी। युवक की स्थिति को गंभीर देखते उसका चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा था। शनिवार को दोपहर करीब एक बजे चिकित्सक के द्वारा रिफर करने पर युवक को लेकर स्वजन रायपुर रवाना हुए। युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस आरोपी पिता के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Spread the love