अंबिकापुर। महिला अपराधों में वृद्धि, नशा के बढ़ते कारोबार और इनके प्रति पुलिस निष्क्रियता के विरुद्ध जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को राजीव भवन से सद्भावना चौक (महामाया प्रवेश द्वार) तक मौन कैंडिल मार्च निकाला। कांग्रेस का यह प्रदर्शन उस गरीब महिला को समर्पित था जिसकी हाल में ही दुराचार के बाद जघन्य हत्या कर दी गई थी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव एवं युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव लिली श्रीवास के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में जिला कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल के साथ ही कांग्रेस के मंडल, वार्ड और बूथ कमेटियों के सदस्य शामिल हुए। रैली उपरांत सद्भावना चौक पर मृतिका को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान मीडिया से बातचीत में एआईसीसी सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के विगत ढाई वर्ष के कार्यकाल में महिला अपराधों के साथ ही साथ नशे के कारोबार में वृद्धि हुई है। महामाया प्रवेश द्वार की घटना कोई पहली घटना नहीं है। सत्ता के संरक्षण में प्रदेश में अफीम की खेती हो रही है। विधानसभा में दी जाने वाली जानकारी में सरकार ड्रग पैडलरों के नाम छुपा रही है। नतीजतन नशे की बढ़ती प्रवृत्ति ने अपराधों विशेष रूप से महिलाओं के प्रति अपराधों को बढ़ा दिया है और प्रदेश की सरकार इसपर काबू पाने में असफल साबित हुई है। युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव लिलि श्रीवास ने कहा कि मृत महिला का पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक का जो बयान आया है, वो दिल दहलाने वाला है। अंबिकापुर की घटना दिल्ली के निर्भया कांड के समतुल्य है। इस मामले में पुलिस का अब तक खाली हाथ होना बतलाता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था के लिए जिम्मेदार मंत्री अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा पा रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि पुलिस इस अपराधी को साइको बोलती है, और ये साइको समाज के बीच भटक रहा है। ऐसे में यह अपराधी और भी घटनाओं को अंजाम दे सकता है। अदानी के लिए जंगल कटवाने में भारी पुलिस बल लगाने वाली भाजपा सरकार समाज में भटक रहे एक साइको के लिए यदि पुलिस बल नहीं लगा सकती तो इससे भाजपा सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट होती है।

Spread the love