अंबिकापुर। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत क्षेत्रीय कार्यालय आर.एल.टी.आर.आई. रायपुर के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर अजीत वसंत के  निर्देश पर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में 17 मार्च को जिला स्तरीय सेमीनार सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को एवं जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. पी.के. सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के सभी चिकित्सा अधिकारी (आयुष) एवं फिजियोथेरेपिस्ट शामिल हुए। प्रशिक्षण में कुष्ठ रोग की समय पर पहचान, उपचार प्रबंधन एवं विकृति रोकथाम के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का संचालन डॉ. कृष्णमूर्ति काम्बले, प्रिंसिपल कंसल्टेंट (एच.ए.जी.) द्वारा किया गया। इसके साथ ही 17 मार्च से 20 मार्च तक केन्द्र एवं राज्य स्तरीय विशेषज्ञ दल द्वारा विकासखण्ड बतौली, सीतापुर, लखनपुर एवं उदयपुर में कुष्ठ रोगियों का मैदानी सत्यापन किया जा रहा है। इस दौरान उपचार पूर्ण कर चुके एवं उपचाररत मरीजों का व्ही.एम.टी. (वैलिडेशन मॉनिटरिंग टूल) के माध्यम से परीक्षण किया जा रहा है। विशेषज्ञ दल द्वारा नर्व विकृति से प्रभावित मरीजों की पहचान कर उनका सत्यापन किया जा रहा है, ताकि ऐसे मरीजों को आगे के उपचार हेतु आर.एल.टी.आर.आई. रायपुर में रेफर किया जा सके। इस पहल से जिले में कुष्ठ रोग की प्रभावी रोकथाम एवं मरीजों के पुनर्वास में सहायता मिलेगी।

Spread the love