अंबिकापुर। साइबर ठगी, अपराध से संबंधित रकम की हेराफेरी के लिए म्यूल एकाउंट एवं एटीएम प्रदाय करने के मामले में 03 आरोपियों को गांधीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 101 नग पास बुक, 35 एटीएम, 28 चेक बुक, 03 मोबाइल व 03 सिम, सिम कार्ड कवर 08 नग, एटीएम कार्ड कवर 13 एवं नगद रकम 01 लाख 36 हजार रुपये जप्त किया है।
जानकारी के मुताबिक 19 मार्च को थाना गांधीनगर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एसबीआई शाखा बनारस रोड अंबिकापुर स्थित भवन के द्वितीय तल में किराए पर रहने वाला युवक राहुल गुप्ता पिता राजेश गुप्ता गांधीनगर क्षेत्र में अवैध तरीके से युवकों को आर्थिक लाभ पहुंचाकर उनके नाम से नया सीम खरीदवा रहा है और उस सीम से बैंक खाता खुलवाकर पासबुक व एटीएम कार्ड, चेक बुक जारी करवाकर इसका उपयोग अपराध से संबंधित रुपये को ट्रांसफर करने में कर रहा है। पासबुक, एटीएम कार्ड व सीम को बाहर भेजने की तैयारी है। प्राप्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा निर्देश व नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में राहुल गुप्ता के किराए के घर में रेड किया और उसके पास से मोबाइल व काफी मात्रा में पासबुक, एटीएम कार्ड, चेक बुक सहित अन्य दस्तावेज व नकद रकम 01 लाख 36 हजार रुपये बरामद किया। बैंक खातों एवं अन्य दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ करने पर वह संतोषप्रद जवाब नहीं दिया। संदेही राहुल गुप्ता को थाना लाकर बरामद बैंक खातों की जांच पोर्टल के माध्यम से की गई तो म्यूल एकाउंट में ऑनलाइन फ्रॉड का लाखों रुपये जमा होना पाया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक बीरेंद्र कुजूर, महिला आरक्षक प्रिया रानी, आरक्षक अरविन्द उपाध्याय, अमृत सिंह, ऋषभ सिंह, अनुज जायसवाल, आनंद केरकेट्टा, लालदेव, जितेश साहू, अमन पुरी, विकास एक्का, शिव टोप्पो सक्रिय रहे।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी  
पुलिस के गिरफ्त में आया राहुल गुप्ता पिता राजेश गुप्ता 20 वर्ष, शिवा पार्क रेनुकुट, थाना पिपरी जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, जो वर्तमान में सुभाषनगर बनारस रोड स्टेट बैंक के दूसरे मंजिल पर किराए का मकान लेकर ठिकाना बनाया था। आरोपी के विरूद्ध थाना गांधीनगर में धारा 318(4), 317(4), 61(2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। राहुल गुप्ता से पूछताछ के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने विकास किर्तनिया पिता रवि किर्तनिया 26 वर्ष, निवासी ग्राम चठिरमा व आशुतोष शर्मा पिता घनश्याम शर्मा 20 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 05 पानी टंकी के पास गोधनपुर को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो कमीशन के लालच में लाखों रुपये की धोखाधड़ी करना इन्होंने स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 03 मोबाइल पुलिस ने जप्त किया है। आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, अग्रिम जांच, विवेचना जारी है।

Spread the love