संभाग स्तरीय आयोजन में मुख्यमंत्री होंगे शामिल, खिलाड़ियों का करेंगे उत्साहवर्धन

अंबिकापुर। सरगुजा के खिलाड़ियों को प्रतिभा एवं कौशल दिखाने का अवसर प्रदान करने तथा विकास की मुख्यधारा से जोड़ने सरगुजा ओलम्पिक 2026 के संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन 21 से 23 मार्च तक सरगुजा जिले में अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में किया जाएगा। आयोजन के शुभारंभ समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
संभाग स्तरीय आयोजन के लिए सरगुजा जिले में लगभग सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं हैं। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पीजी कॉलेज ग्राउंड में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं। खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन पीजी कॉलेज ग्राउण्ड, पीजी कॉलेज के हॉकी स्टेडियम, सेंट जेवियर्स विद्यालय, गांधी स्टेडियम, गांधी स्टेडियम के मल्टीपरपज हॉल में किया जाएगा। संभाग के सभी जिलों के खिलाड़ियों एवं खेल प्रशिक्षकों के ठहरने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। संभाग स्तरीय सरगुजा ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता 2026 में कुल 2190 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें 1044 महिला एवं 1146 पुरूष शामिल हैं।  

Spread the love