लुण्ड्रा में भव्य रूप से मनाई गई कर्मा माता की जयंती

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के विकासखंड लुण्ड्रा में साहू समाज के द्वारा कर्मा माता की जयंती हर्षोल्लास, श्रद्धा भाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश साहू संघ के कार्यकारी सदस्य लक्ष्मी गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक साहू संघ के अध्यक्ष देव कुमार गुप्ता ने की।ं विशिष्ट अतिथि जिला साहू संघ के अध्यक्ष के.के. गुप्ता, बी.एन. गुप्ता, रामावतार गुप्ता,  प्रयागराज साहू, ईश्वर नाथ साह, सुरेश गुप्ता, कन्हैया गुप्ता, संजय गुप्ता, सदानंद गुप्ता, रूपा गुप्ता, उपेंद्र गुप्ता एवं गिरधारी गुप्ता रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माता कर्मा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन, पुष्पमाला अर्पण एवं आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात भव्य नगर भ्रमण निकाला गया, जिसमें गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन एवं जयकारों के साथ सैकड़ों महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लिया। पूरा नगर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। नगर भ्रमण के बाद रैली पुन: कार्यक्रम स्थल पहुंची, यहां मंचीय कार्यक्रम किया गया। प्रसिद्ध गायक शिवकुमार दुबे जी ने कर्मा माता पर आधारित भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि लक्ष्मी गुप्ता ने कहा कि माता कर्मा केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि समाज सुधार, एकता और जागरूकता की सशक्त प्रेरणा हैं। माता कर्मा का जन्म एकादशी के दिन हुआ था। उन्होंने अपने जीवन में ऐसे अनेक कार्य किए, जो आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि तत्समय समाज में कई प्रकार की रूढ़िवादी एवं गलत परंपराएं प्रचलित थीं, जिन्हें माता कर्मा ने साहसपूर्वक समाप्त कर समाज को एकता के सूत्र में पिरोया। उन्होंने ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कठिन दौर में माता कर्मा ने समाज को संगठित करके यह सिद्ध कर दिया कि जब समाज एकजुट होता है, तो असंभव कार्य भी संभव हो जाता है। उन्होंने कहा कि जहां अन्याय और अत्याचार हो, वहां चुप रहना उचित नहीं है, बल्कि संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना चाहिए। जगन्नाथ पुरी में भगवान जगन्नाथ को खिचड़ी का भोग लगाया जाता है, इस परंपरा की शुरुआत भी माता कर्मा ने की थी, जो उनके अद्भुत भक्ति भाव का प्रतीक है। अंत में उन्होंने कहा कि कर्म ही जीवन का आधार है, और माता कर्मा ने अपने कर्मों से समाज को नई दिशा दी है। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर एकता, समरसता और सेवा भाव को आगे बढ़ाना चाहिए।
अध्यक्षीय उद्बोधन में देव कुमार गुप्ता ने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों और बुराइयों को समाप्त करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से यह आयोजन  किया गया, जो समाज में शुद्धि और जागरूकता का प्रतीक है। हम सभी मिलकर समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करें और एक संगठित, सशक्त एवं जागरूक समाज का निर्माण करें। आभार प्रदर्शन करते हुए उपेंद्र गुप्ता ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए केवल सामाजिक नहीं, बल्कि राजनीतिक और आर्थिक रूप से भी मजबूत होना आवश्यक है। हमें समाज की राजनीतिक शक्ति को बढ़ाना होगा। जो लोग आगे बढ़ने की क्षमता रखते हैं, उन्हें समाज को आगे लाने के लिए प्रोत्साहित करना होगा, तभी हमारा समाज हर क्षेत्र में मजबूत बन पाएगा। कार्यक्रम में अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामनरेश राम साहू, इंद्रमणि साहू, रघुरेश प्रसाद गुप्ता, इंद्रमणि गुप्ता, नंदू प्रसाद गुप्ता, भक्तु साहू, नंदू गुप्ता, रमेश प्रसाद गुप्ता, कृष्णा गुप्ता, शिवकुमार साहू, दीपक कुमार गुप्ता, राकेश कुमार गुप्ता, सुरजी देवी, जयंती साहू, प्रियंका गुप्ता, आशा साहू शांति देवी, नीलू गुप्ता, पुष्पा गुप्ता, अजय गुप्ता, अजीत गुप्ता, रंजीत गुप्ता के अलावा सैकड़ों माताएं-बहनों की उपस्थिति रही।

Spread the love