शव फेंकने में डेढ़साला किया सहयोग, माता-पिता ने घटनास्थल को गोबर से लीपा

अंबिकापुर। उदयपुर थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आपसी विवाद होने पर आरोपी ने डंडा एवं टांगी के बेट से वार करके हत्या की घटना को अंजाम दिया था। हत्या के बाद आरोपी द्वारा अपने डेढ़साला के साथ मिलकर शव को डबरी में फंेक दिया था। वहीं आरोपी के माता-पिता ने घर में गिरे खून को साफ करके गोबर से लिपाई कर साक्ष्य को विलोपित करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा, टांगी, मोटरसायकल, मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्य बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक मनोज कुमार निवासी हनुमानगढ़ द्वारा थाना उदयपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 15 मार्च को उसका छोटा भाई शीतल अपने साथी टेकराम के साथ मोटरसायकल से शाम करीब 04 बजे ग्राम हनुमानगढ़ से पोतका निवासी दिनेश कुमार के घर में शादी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। 16 मार्च को उसे मोबाइल फोन में सूचना मिला कि उसके छोटे भाई शीतल कुमार को ग्राम पोतका में प्रमोद अपने ही घर में मारपीट करके गांव के पुलिया के पास डबरी के पानी में फेंक दिया है। जब वह मौके पर गया तो शीतल के सिर में गंभीर चोंट का निशान नजर आ रहा था और उसका शव डबरी के पानी में पड़ा हुआ था। डबरी के बगल में जूट का खून लगा हुआ बोरा, मोबाइल और गमछा पड़ा था। मृतक के भाई ने प्रमोद के द्वारा ही शीतल के साथ मारपीट करने और हत्या करके शव को डबरी में फेंक देना बताया गया था, जिस पर पुलिस थाना उदयपुर में धारा 103(1), 238(ए), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया था। मामले में डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई करके आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण करके डबरी के बगल से खून से लगा जूट का बोरा, मोबाइल फोन एवं गमछा जब्त करके मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मृतक सिर में चोट लगने से होने एवं हत्यात्मक प्रवृत्ति का लेख किया था। आरोपी प्रमोद सिंह पिता बहादुर 20 वर्ष निवासी ग्राम पोतका ने पूछताछ में शीतल कुमार से आपसी विवाद होने पर डण्डा एवं टांगी के पासा से सिर में वार करके हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद वह शव को अपने डेढ़साला राजेश कुमार पिता शिवप्रसाद उर्फ गोपी 20 वर्ष निवासी ग्राम केवरा बैगापारा, थाना लखनपुर के साथ मिलकर डबरी में फेंक दिया था। आरोपी प्रमोद सिंह के पिता बहादुर पिता तेजु राम 42 वर्ष न मां पवारों 40 वर्ष ने घटना के बाद घर में गिरे खून को साफ करके गोबर से लिपाई कर दिया था। प्रकरण में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, प्रधान आरक्षक संजय नागेश, राजेश चतुर्वेदी, आरक्षक रविन्द्र साहू, सूरजबली, देवेंद्र सिंह सक्रिय रहे।

Spread the love