घटना के बाद फरार पति को गिरफ्तार करके जेल भेजी पुलिस

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या करने के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। खाना नहीं बनाने को लेकर हुए विवाद के कारण आरोपी हत्याकांड को अंजाम दिया था।
जानकारी के मुताबिक बीते 8 मार्च को पुलिस को ग्राम सरपंच ने मोबाइल फोन से सूचना दिया था कि ग्राम कुदरझेरी लोंगरी का दशमल कोरवा अपनी पत्नी की हत्या करके भाग गया है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को बोदो राम ने बताया कि कि उसके तीन लड़के हैं, बड़ा लड़का दशमल है, सभी लड़कों का विवाह हो गया है और सभी अलग रहते हैं। दशमल कोरवा का विवाह असकला मेें हुआ था। पहली पत्नि की मृत्यु हो जाने पर ग्राम सखौली नवापारा से दूसरी पत्नि के रूप में प्रियंका को एक साल से रखा था, इनके बीच झगड़ा विवाद होते रहता था। 07 मार्च की रात को लगभग 11-12 बजे के बीच लड़का और बहू के बीच विवाद की आवाज को वह सुना था। 08 मार्च को सुबह 09 बजे तक लड़का के घर के पास कोई चहल-पहल नहीं दिखने और दरवाजा बंद रहने से वह अपनी पत्नि को देखने के लिये भेजा, तो वह बताई कि बहुरिया प्रियंका जमीन पर सोई है, उठाने से नहीं उठ रही है। जब वह अपनी पत्नि के साथ मौके पर गया, तो कपड़ा ढका हुआ था। कपड़ा हटाने पर उसके सिर में चोट का निशान नजर आया, और बहू की मौत हो गई थी। इसकी सूचना वह सरपंच को दिया। दशमल कोरवा घर में नहीं था। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था।
हत्या के मामले को संज्ञान में लेकर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने थाना लुन्ड्रा पुलिस को आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया और आरोपी दशमल उर्फ दशमन कोरवा पिता बोदो राम 35 वर्ष को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि घटना दिनांक को वह अपनी पत्नी प्रियंका को खाना बनाने के लिए कहा तो वह थोड़ी देर में खाना बनाने के लिए बोली, इसी बात को लेकर दोनों के मध्य लड़ाई-झगड़ा हुआ और आवेश में आकर वह मृतिका पर डंडा से वार कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी लुंड्रा निरीक्षक प्रदीप कुमार जायसवाल, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह, आरक्षक राजकुमार, इबनुल खान, धीरेन्द्र एवं अनुज जायसवाल सक्रिय रहे।

Spread the love