कौशलपुर मोड़ पर हुआ हादसा

सूरजपुर। गुरुवार की सुबह जिले के कौशलपुर मार्ग स्थित मोड़ पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक शिक्षिका की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनका 6 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से आहत हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर क्रमांक यूपी 12 बीडब्लू 2352 तेज रफ्तार से सूरजपुर की ओर से रामानुजनगर जा रहा था। कौशलपुर मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़ी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी पर सवार शिफा त्रिपाठी पति केदारपाल  निवासी रायपुर, वर्तमान में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल भुवनेश्वरपुर में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में उनका 6 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रामानुजनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर मासूम को डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। हादसे के बाद विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। स्कूल के विद्यार्थी और शिक्षक शिक्षिका के असामयिक निधन से स्तब्ध हैं और रो-रोकर उनका स्मरण कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनास्थल के मोड़ पर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं नगर में शोक का वातावरण व्याप्त है और लोग दिवंगत आत्मा की शांति तथा घायल बालक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना कर रहे हैं। ज्ञात हो कि जिस ट्रेक्टर से यह हादसा हुआ है वह लकड़ी ढुलाई के लिए अनियंत्रित रफ्तार से जा रहा था। इन दिनों जिले के कई क्षेत्रों में बाहर से आए लकड़ी तस्करों के द्वारा बेखौफ होकर यूकेलिप्ट्स पेड़ों की कटाई व परिवहन का कार्य ट्रैक्टरों के माध्यम से किया जा रहा है।  ओव्हर लोड व अनियंत्रित रफ्तार की इन ट्रैक्टरों पर किसी जिम्मेदार विभाग का अंकुश नहीं है। आए दिन लोग इनकी रफ्तार के शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं और गुरुवार को शिक्षिका हादसे का शिकार हो गई, उनका पुत्र गम्भीर रूप से आहत है। लोगों ने तत्काल इस पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Spread the love