अंबिकापुर। आगामी 04 मार्च को होली का त्यौहार एवं 21 मार्च  को ईद-उल-फितर (ईद) का त्यौहार मनाया जाएगा। त्यौहारों को शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाए जाने हेतु जिला स्तरीय  शांति  समिति की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में हुई। इस दौरान नगर निगम महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, आईपीएस राहुल बंसल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप, समिति के सभी सदस्य, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में महापौर ने जिले में शांति, सौहार्द्र और सद्भावना बनाये रखने की अपील की। अपर कलेक्टर सुनील नायक ने सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वालों की सूचना शीघ्र जिला एवं पुलिस प्रशासन को देने की अपील की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग भी की जाएगी। हुड़दंग करने वाले शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, कानून का उल्लंघन करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वाहनों की जांच, ब्रीथ एनेलाइजर से जांच, नशे पर कार्रवाई की जाएगी। शिकायत हेतु आमजनों के लिए कंट्रोल रूम का नंबर जारी किया जाएगा। उन्होंने इस हेतु बैठक में सभी से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

Spread the love