बलरामपुर/रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के  विस्तार को लेकर रामचंद्रपुर विकासखंड के जामवंतपुर निवासी देवराज सिंह को सर्वसम्मति से ब्लॉक अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। समाज के जिला अध्यक्ष बसंत कुजूर ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान करके सम्मानित किया। देवराज सिंह लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहकर समाज के हित में कार्य करते रहे हैं। उनकी इसी सक्रियता, समर्पण और क्षमता को देखते हुए समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया।
जामवंतपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष ने कहा कि समाज ने जिस विश्वास के साथ देवराज सिंह को यह दायित्व दिया है, उस पर खरा उतरते हुए उन्हें समाज की एकता, विकास और अधिकारों के लिए निरंतर कार्य करना होगा। उन्होंने समाज की परंपरा का उल्लेख करते हुए बताया कि पदभार ग्रहण के समय दो माला पहनाने की परंपरा है। एक माला समाज की जिम्मेदारी, दूसरी परिवार की जिम्मेदारी का प्रतीक होती है। नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष ने समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ निभाने का प्रयास करेंगे और समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

Spread the love