कलेक्टर से घोषित परीक्षाओं को आगामी दो दिन आगे के लिए बढ़ाने का आग्रह किया

अंबिकापुर। होली के दूसरे और तीसरे दिन आयोजित परीक्षा को स्थगित करने का आग्रह सरगुजा कलेक्टर व शिक्षा अधिकारियों से शहर के एक जागरूक युवा ने किया है। होली के दिन पूरी तन्मयता से सेवा देने वाले पुलिस, नगर निगम सहित कई जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी अगले दिन अपने परिवार और सहपाठियों के साथ होली पर्व मनाते हैं। होली के दूसरे दिन से ही परीक्षाएं आयोजित किए जाने से इनकी खुशियोंं का रंग फीका पड़ जाएगा।
बता दें कि रंगों का पर्व होली 4 मार्च को हर्षोउल्लास मनाया जाएगा। हाल में स्कूली परीक्षाओं के कारण होली का पर्व बच्चों के लिए मस्ती भरा भले ही न हो, लेकिन इस दिन वे पढ़ाई के साथ परिवार के सदस्यों के साथ उल्लास और उमंग के साथ पर्व मनाएंगे। ऐसे में होली पर्व के दूसरे ही दिन 5 मार्च को परीक्षा का आयोजन करना बच्चों की भावनाओं पर अनावश्यक दबाव डालने जैसा होगा। शहर के जागरूक युवा शिवेश सिंह बाबू ने इसे अनुचित करार देते हुए कलेक्टर सरगुजा का ध्यानाकर्षण कराया है, और कहा है कि होली के दूसरे दिन पुलिस प्रशासन, नगर निगम के स्वच्छता एवं जल प्रदाय शाखा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को भी होली पर्व मनाने का मौका मिलना चाहिए, जो एक स्वाभाविक और सामाजिक प्रक्रिया है। इनके बच्चे भी पारिवारिक रूप से इस उत्सव में शामिल होते हैं। ऐसे में होली के ठीक बाद 5 व 6 मार्च को परीक्षा आयोजित करना स्कूली बच्चों और उनके परिजनों के लिए असुविधाजनक होगा। आग्रह किया गया है कि बच्चों के भविष्य के साथ उनके व परिवार के त्योहारी उल्लास भरी भावनाओं का सम्मान करते हुए परीक्षा की तिथि को आगे बढ़ाने शैक्षणिक संस्थाओं को आदेशित किया जाए, जिससे होली पर्व का उमंग और उल्लास विद्यार्थियों के बीच बरकरार रहे। उल्लेखनीय है कि शहर के कुछ नामचीन निजी स्कूल भी होली पर्व के ठीक दूसरे दिन परीक्षा की तिथि निर्धारित करके रखे हैं, जिससे बच्चे मायूस हैं, वहीं अभिभावक भी इसे उचित नहीं मान रहे हैं।  

Spread the love