आजाद सेवा संघ का प्रखर मोर्चा डीआईजी के नाम एएसपी को सौंपा ज्ञापन

अंबिकापुर। आजाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सरगुजा के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। संघ ने शहर की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन का ध्यान दो संवेदनशील मुद्दों, बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और अव्यवस्थित यातायात प्रणाली की ओर आकर्षित कराया है। संघ ने परीक्षा के समय में छात्रों के भविष्य और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोपरी रखने की मांग की है।
प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने बताया कि अंबिकापुर के हृदय स्थल संगम चौक, गांधी चौक, महामाया चौक, खरसिया नाका और आकाशवाणी चौक जैसे व्यस्ततम क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से भगवान भरोसे है। उन्होंने कहा है कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर शासन द्वारा लाखों रुपये व्यक्त करके आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए थे, विडंबना है कि ये लंबे समय से बंद पड़े हैं और शो-पीस बनकर रह गए हैं। लाइटें बंद होने के कारण इन चौकों पर हर समय भारी जाम की स्थिति निर्मित रहती है, जिससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि दुर्घटनाओं का ग्राफ भी बढ़ रहा है। संघ ने परीक्षा के दौर में बजने वाले डीजे और लाउडस्पीकरों पर भी ध्यान दिलाया है। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं 17 फरवरी से प्रारंभ हो चुकी हैं, जबकि सीजी बोर्ड की 12वीं की परीक्षा 20 फरवरी और 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से शुरू होने जा रही है। इधर शहर के विभिन्न इलाके में देर रात तक तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग किया जा रहा है, जो छात्रों की एकाग्रता को भंग कर रहा है। संघ ने ज्ञापन में ध्वनि प्रदूषण (विनिमय और नियंत्रण) नियम 2000 का हवाला देते हुए प्रशासन से मांग की है कि शैक्षणिक संस्थानों और रिहायशी इलाकों के 100 मीटर के दायरे को प्रभावी ढंग से ‘साइलेंस जोनÓ के रूप में घोषित किया जाए। रात 10 बजे के बाद बजने वाले डीजे पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत ‘पब्लिक न्यूसेंसÓ का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। संघ ने सुझाव दिया है कि शहर के भीतर ‘नो-एंट्रीÓ के समय का कड़ाई से पालन हो ताकि भारी वाहनों के कारण परीक्षार्थी जाम में न फंसें और समय पर अपने केंद्रों तक सुरक्षित पहुंच सकें। प्रदेश सचिव ने प्रशासन से एक अभिभावक की भांति संवेदनशील निर्णय लेने का आग्रह किया है। उन्होंने बंद पड़ी ट्रैफिक लाइटों को युद्ध स्तर पर ठीक करवाकर शहर को सुचारू यातायात प्रदान करने का भी आग्रह किया है। ज्ञापन सौंपते समय सक्षम कश्यप, अभिजीत, सनी, प्रिंस, भोलू यादव, सोनू यादव  उपस्थित रहे।

Spread the love