अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी परीक्षा वर्ष 2026 जिले के निर्धारित 75 परीक्षा केन्द्रों में 20 फरवरी से आयोजित की जाएगी। परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री वितरण का संबंधित परीक्षा केंद्रों के केन्द्राध्यक्ष, प्राचार्य को 16 फरवरी को जिले के समस्त 75 परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राध्यक्ष/प्राचार्य को एक सहयोगी की उपस्थिति में शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर में किया गया। गोपनीय परीक्षा सामग्री ले जाने के लिए नौ रूट निर्धारित किए गए थे, और 09 वाहनों की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा सामग्रियों को परीक्षा केन्द्र से संबंधित पुलिस थाना, चैकी में रखा गया है।
बता दें कि हायर सेकण्डरी परीक्षा 20 फरवरी 2026 से 18 मार्च 2026 और हाईस्कूल परीक्षा 21 फरवरी 2026 से 13 मार्च 2026 तक संपन्न होगी। दोनों परीक्षाओं का समय प्रतिदिन प्रात: 09 बजे से 12.15 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस वर्ष जिले में कुल हाईस्कूल के 9,731 तथा हायर सेकण्डरी के 8,025 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, इस प्रकार कुल 17,756 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इसी क्रम में परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण संबंधित परीक्षा केंद्रों के केन्द्राध्यक्ष, प्राचार्य को कर दिया गया है। दी गई परीक्षा सामग्रियों का मिलान करने के बाद सभी रवाना हुए। सामग्री प्राप्ति के लिए सभी केन्द्राध्यक्ष निर्धारित दो कुन्दा, दो ताले वाली 02 पेटियां, ताला-चाबी सहित लेकर पहुंचे थे। हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी की गोपनीय सामग्री अलग-अलग पेटियों में सुरक्षित रखी गई थी। निर्धारित 09 रूट चार्ट के अनुसार इन्हें वाहन प्रभारी और 1-4 के सशस्त्र सुरक्षा बल के साथ बस से रवाना किया गया। परीक्षाओं में गोपनीयता, सुरक्षा एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार झा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से पहुंचे डिप्टी कलेक्टर ने भी गोपनीय परीक्षा सामग्री वितरण की स्थिति का समन्वय संस्था में पहुंचकर जायजा लिया।

Spread the love