2000 युवाओं ने कराया पंजीयन, 4544 पदों पर मिलेगा रोजगार का अवसर

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, अंबिकापुर में दो दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज के मुख्य आतिथ्य एवं जिला पंचायत सरगुजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में हुआ। संभाग स्तरीय रोजगार मेले में संभाग के सभी 6 जिलों से लगभग 2000 बेरोजगार नवयुवक एवं नवयुवतियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया। संभाग मुख्यालय में आयोजित रोजगार मेले में लगभग 29 नियोक्ताओं ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए, लेकिन किसी मल्टी नेशनल कंपनी ने उच्च शिक्षित युवकों को रोजगार मिले, इसके लिए रोजगार मेला में एंट्री लेने में रूचि नहीं ली। इन कंपनियों की रोजगार मेला में भागीदारी नहीं होने से बेरोजगार युवाओं में निराशा देखने को मिली। आईटीआई, ग्रेज्युएशन, बी.टेक किए कई बेरोजगार फार्म प्राप्त करने के बाद शून्य आंखों से रोजगार मेला में लगे नियोक्ताओं को निहार रहे थे। संभाग स्तरीय रोजगार मेला होने के कारण इन्हें उम्मीद थी कि मल्टी नेशनल कंपनियों की यहां भागीदारी होगी। रोजगार मेला में सर्वाधिक सुरक्षा कंपनियों के नियोक्ताओं की उपस्थिति देखने को मिली। बी.टेक किए भि_ीकला के नितिश कुमार वर्तमान में आवास मित्र का कार्य कर रहे हैं। 2022 में बी.टेक करने के बाद बेरोजगारी की मार झेल रहे नितिश काफी उम्मीद के साथ बेहतर जॉब पाने की लालसा लिए संभाग स्तरीय रोजगार मेला में पहुंचे थे। रेवापुर दरिमा निवासी रवि एक्का 2022 में अंबिकापुर के आईटीआई से पास आउट हैं। आईटीआई संस्था के माध्यम से इन्हें कान्टेक्ट बेस पर मारूति सुजुकी कंपनी गुजरात में सात माह काम करने का मौका मिला, इसके बाद ये बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। ऐसे ही कई उच्च शिक्षा प्राप्त बेरोजगार युवक-युवतियों की यहां मौजूदगी देखने को मिली। कई तो बिना आवेदन जमा किए ही वापस हो लिए।
सांसद ने 4 युवाओं को दिया नियुक्ति पत्र
फोटो-पीआरओ में
संभागीय उप संचालक रोजगार एस.पी. त्रिपाठी ने बताया कि रोजगार मेला 16 एवं 17 फरवरी को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें लगभग 4544 पदों पर ऑनलाइन आवेदन एवं साक्षात्कार के आधार पर युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए सकारात्मक सोच के साथ अपने करियर को नई ऊंचाई देने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाकर अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप पद का चयन करने का आह्वान किया। शुभारंभ अवसर पर उन्होंने 4 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। लगभग 200 आवेदकों का अंतिम चयन तथा लगभग 300 आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया जा चुका था एवं साक्षात्कार तथा चयन की प्रक्रिया जारी रही।
युवाओं को अधिकारी करते रहे प्रेरित
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सरगुजा विनय अग्रवाल तथा पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य आर.जे. पाण्डेय ने भी युवाओं को प्रेरित किया। स्वागत प्रतिवेदन जिला रोजगार अधिकारी ललित पटेल ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन रवि पाण्डेय एवं आभार प्रदर्शन लाइवलीहुड कॉलेज के प्राचार्य गिरीश गुप्ता ने किया। रोजगार मेले में जिला रोजगार अधिकारी सूरजपुर चारू चित्रा, संजीव सिंह, दिव्यांशु, प्रीतम, माधुरी, पुष्पा पुरेना, पुष्पा सिदार, नीरज सिंह, छोटू रविदास, उदय शंकर मिरे, रामेश्वर सिंह तथा जिला रोजगार कार्यालय के समस्त स्टाफ, एम. सिद्दीकी, एपीओ अकरम खान, अरशद, राहुल, बालेश्वर सहित अन्य का सहयोग रहा।

Spread the love