अंबिकापुर। कलेक्टर अजीत वसंत ने शुक्रवार को उदयपुर विकासखण्ड का दौरा किया। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय अग्रवाल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर, धान खरीदी केंद्र डाँड$गांव, तहसील एवं एसडीएम कार्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम बनसिंह नेताम, जनपद पंचायत सीईओ वेद प्रकाश गुप्ता सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उदयपुर के औचक निरीक्षण दौरान विभिन्न वार्डों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधार बेस ऑनलाईन अटेंडेंस के अनुसार सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थिति लगाएं, सभी शासन द्वारा निर्धारित समय में ड्यूटी करें व मुख्यालय में रहें ताकि आमजनों को समय में इलाज मिल सकें। उन्होंने केंद्र में जननी सुरक्षा योजना के हितग्राहियों को समय में प्रोत्साहन राशि भुगतान हेतु निर्देशित किया। निरीक्षण दौरान उन्होंने कहा कि पोषण एवं पुनर्वास केन्द्र का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा, इस हेतु कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने अस्पताल में दन्त चिकित्सा सेवा हेतु भी आवश्यक तैयारी करने कहा। शासन द्वारा निर्धारित लैब में संबंधित संपूर्ण जांच अस्पताल में उपलब्ध हो, भर्ती मरीजों को गुणवत्ता पूर्ण भोजन प्रदाय किया जाए। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी ली तथा कहा कि जल्द ही केंद्र में डी.एम.एफ. के माध्यम से चिकित्सक, विशेषज्ञ चिकित्सक की भर्ती की जाएगी।
धान खरीदी केंद्र में किसानों से लिया फीडबैक
कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र में टोकन व्यवस्था, धान उठाव, बारदाना उपलब्धता, रकबा समर्पण, डीओ, तौल सहित संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं कि जाएगी। उन्होंने उपस्थित किसानों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एसडीएम, तहसील कार्यालय का निरीक्षण
कलेक्टर इस दौरान एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय एवं नायब तहसीलदार कार्यालय उदयपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने विवादित प्रकरणों, अविवादित प्रकरणों को जल्द से जल्द निराकृत करने के निर्देश दिए। कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा करके राजस्व मामलों फौती, नामांतरण, बंटवारा के लंबित प्रकरणों, आरबीसी 6-4, जाति आय, निवास प्रमाणपत्र के प्रकरणों की जानकारी ली तथा लंबित प्रकरणों को समय सीमा में शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में भी पहुंचे
कलेक्टर ने प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला फुलचुहि का निरीक्षण कर शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं सहित शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने एवं सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने शिक्षकों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों से बात की तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र हरिजनपारा में बच्चों की उपस्थिति, कुपोषित बच्चों की संख्या व बच्चों को दिए जा रहे पौष्टिक आहार की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गंभीर कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर एनआरसी भेजना सुनिश्चित करें। बच्चों हेतु समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, आंगनबाड़ी सहायिका एवं कार्यकर्ता समय पर केंद्र में उपस्थित रहें।

Spread the love