जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन पर कार्रवाई

अंबिकापुर। जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को मैनपाट विकासखण्ड के सपनादर के गुलाब यादव के घर से 70 बोरी 28 क्विंटल तथा कमलेश्वरपुर के श्याम यादव के घर से 60 बोरी 24 क्विंटल जप्त कर मण्डी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देश पर चल रही सतत मॉनिटरिंग के परिणाम स्वरूप अब तक 10 प्रकरणों में 1335 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया गया है, जिससे शासन की लगभग 31,98045 लाख रुपये की आर्थिक हानि को रोका जा सका है। अवैध धान के अंतर्राज्यीय एवं आंतरिक परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में बनाए गए चेकपोस्टों पर सतत् निगरानी रखी जा रही है। अनुविभागीय स्तर पर भी विशेष टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। जंगल और वैकल्पिक मार्गों को भी सील कर दिया गया है, जिससे अवैध धान आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। कलेक्टर विलास भोसकर ने विभागीय अधिकारी को निर्देशित किया है कि अवैध धान भंडारण व परिवहन में शामिल व्यक्ति को सख्त कार्रवाई की जाए।
10 प्रकरण में 31 लाख रुपये से अधिक का धान जब्त
विगत दिनों विभिन्न स्थानों पर किए गए गोदाम जांच के दौरान, विभागीय टीमों ने कई व्यापारियों से अवैध रूप से रखे गए बड़ी मात्रा में धान बरामद किया है। संजय अग्रवाल, श्री साई ट्रेडिंग, कांतिप्रकाशपुर से 100 बोरी (40 क्विंटल) पतला धान, अनुमानित कीमत 95,560 रुपये, अजय अग्रवाल, आदर्श ट्रेडिंग, श्रीगढ़ अंबिकापुर से 180 बोरी (72 क्विंटल) मोटा धान, कीमत 1,70,568 रुपये, जनम कुमार अग्रवाल, जे.के. ट्रेडिंग, श्रीगढ़ से 502 बोरी (200.80 क्विंटल) मोटा धान, कीमत 4,75,695 रुपये, राजेश कुमार अग्रवाल, महामाया ट्रेडिंग से 200 बोरी (90 क्विंटल) पतला धान, कीमत 2,15,010 रुपये, शशिकांत अग्रवाल, बंसल ट्रेडर्स, अंबिकापुर से 1210 बोरी 484 क्विंटल पतला धान, कीमत 11,56,276 रुपये, दीपक अग्रवाल, कृष्णा ट्रेडिंग, खरसिया नाका से 625 बोरी (252 क्विंटल) पतला धान, कीमत 6,02,028 रुपये, मुकेश गुप्ता व सुभाष गुप्ता, खरसिया नाका से 300 बोरी (120 क्विंटल) मोटा धान, कीमत 2,84,280 रुपये, ग्राम बेलगांव, तहसील सीतापुर से 60 बोरी (24 क्विंटल) मोटा धान,  कीमत 74,400 रुपये, अनिल गुप्ता, अनिल ट्रेडर्स, ग्राम सलका, तहसील उदयपुर से 60 बोरी (24 क्विंटल) पतला धान, कीमत 74,400 रुपये जप्त किया गया, सभी मामलों में प्रकरण दर्ज किया गया है।
कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
जांच अभियान में विभिन्न गोदामों से 3177 बोरी (लगभग 1283 क्विंटल) धान जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत 3,073817 रुपये है। सभी मामलों में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस कार्रवाई में खाद्य अधिकारी, तहसीलदार, डीएमओ, एआरसीएस, खाद्य निरीक्षक, एवं मण्डी निरीक्षक शामिल थे।

Spread the love