अंबिकापुर। कार की ठोकर से घायल वेल्डिंग दुकान का संचालक रायपुर के अस्पताल में वेंटिलेटर पर है। स्वजन उसके इलाज में आ रही आर्थिक दिक्कत से जूझ रहे हैं। घटना की रिपोर्ट घायल की पत्नी ने लखनपुर थाना में दर्ज कराते हुए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टपरकेला निवासी वेल्डिंग दुकान का संचालक इंद्रजीत अगरिया 26 नवम्बर को सुबह 11 बजे ग्राम केवरा से लखनपुर जा रहा था, इसी दौरान अंबिकापुर से उदयपुर की ओर कार से जा रहे पटवारी अलबर्ट तिग्गा ने ग्राम केवरा तहसील के पास लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए उसे ठोकर मार दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इंद्रजीत को गंभीर रूप से सिर में चोंट आई थी और वह कोमा में चला गया, पसली की हड्डी और दायां पैर टूट गया। डॉयल 112 की टीम ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया था। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक उसे हायर सेंटर ले जाने की सलाह दिए थे, लेकिन स्वजन उसका अंबिकापुर के ही एक निजी अस्पताल में ले गए, यहां से रायपुर में स्थित ओम हास्पिटल रेफर कर दिया गया, यहां इमरजेंसी वार्ड के आईसीयू में वेंटीलेटर में घायल को रखा गया है। घायल की पत्नी मनोरमा अगरिया के पास इलाज कराने के लिए रुपये नहीं है, ऐसे में वह आर्थिक दिक्कतों का सामना कर रही है। घायल वेल्डिंग दुकान संचालक के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं, इनके जीवकोपार्जन में भी दिक्कत की स्थिति बन रही है। परेशान महिला ने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। पुलिस ने आरोपी कार चालक के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Spread the love