अंबिकापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सीजीपीएससी परीक्षा में चयनित उम्मीदवार पंकज कुमार यादव का अपने कार्यालय में पुष्प गुच्छ देकर सम्मान किया। उन्होंने जिले के होनहार अभ्यर्थी से उनकी सफलता के सफर पर चर्चा की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम का आयोजन अपने कार्यालय में किया और सीजीपीएससी परीक्षा में चयनित उम्मीदवार पंकज कुमार यादव को सीजी पीएससी की परीक्षा में चयन होने की उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने पंकज एवं उनके स्वजन को अर्जित उपलब्धि पर पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया और बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुलिस अधीक्षक ने पंकज कुमार यादव से मिली सफलता के सफर पर चर्चा करते हुए परीक्षा की तैयारी, योजना के संबंध में चर्चा की। विदित हो कि अंबिकापुर निवासी रामेश्वर यादव के पुत्र पंकज कुमार यादव का वर्ष 2023 की चयन परीक्षा में 90 रैंक मिलने के बाद स्टेट टैक्स इंस्पेक्टर के पद पर चयन हुआ था एवं वर्ष 2024 की चयन परीक्षा में 14वां रैंक प्राप्त हुआ है। पंकज सामान्य परिवार से आते हैं, इनकी सफलता से जिले का मान बढ़ा है। इस दौरान चयनित उम्मीदवारों के परिजन समेत कार्यालय के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love