युवा पार्षद एवं उनके साथी मुहिम चलाकर कर रहे कपड़ों का वितरण
अंबिकापुर। शहर में आज भी एक तबका ऐसा है, जिन्हें दो टाइम का भोजन प्राप्त करने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। इनके पास सिर छिपाने की जगह तक नहीं रहती है। जहां जगह मिली, वहीं ठिकाना बनाकर सोते-जागते ये दिन-रात गुजार लेते हैं। फुटपाथ, रैन बसेरा और दुकानों के सामने रात में ये सोते मिल जाएंगे। दिन में दुकानों के खुलने के बाद भटकने की नौबत बनती है। गर्मी और बरसात के दिनों में भी ये काफी कष्टकर जीवन गुजारते हैं। ठंड के दिनों में रात काटना मुश्किल हो जाता है। जिनका पेट भरना बमुश्किल होता हो, वे ठंड से बचने के लिए कहां से गर्म कपड़ों की व्यवस्था करेंगे।
इसे दूर करने का बीड़ा पिछले 8 वर्षों से शुभम जायसवाल व उनके साथियों राहुल सोनी, अतुल ताम्रकार, रवि सिंह, वंश, साहिल, अभिजीत, अनिकेत, अभिज्ञ, निखिल सिंह, समीर, सुशील, पीयूष ने उठाया है। इन युवाओं के द्वारा शहर में घूम-घूमकर खुले में फुटपाथ सहित अन्य स्थल को पड़ाव बनाए लोगों की सुध ली जा रही है, और इन्हें ठंड से निजात मिले, इसके लिए गर्म कपड़ों का वितरण किया जा रहा है। इस दौरान कई ऐसे लोगों से इनका सामना होता है, जिनके साथ छोटे बच्चे भी रहते हैं। इन्हें राहत दिलाने के लिए किए जा रहे अनुकरणीय कार्य को आम लोगों की सराहना भी मिल रही है। इनके कार्य से यह भी संदेश मिल रहा है कि समक्ष लोगों को ऐसे लोगों की सुध लेने आगे आना चाहिए। बता दें कि शुभम जायसवाल वर्तमान में नगर पालिक निगम अंबिकापुर में पार्षद हैं, पूर्व से इनकी पहचान युवा कांग्रेस नेता की रही है। उन्होंने बताया कि यह मुहिम पूरे ठंड भर वे अपने साथियों के साथ मिलकर चलाते आ रहे हैं।

Spread the love