मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा-महिला समूहों के माध्यम से पोषण आहार उत्पादन शासन की दूरदर्शी नीति

भैयाथान। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शुक्रवार को विकासखण्ड भैयाथान अंतर्गत आकांक्षा स्व सहायता समूह, दर्रीपारा द्वारा पूरक पोषण आहार कार्यक्रम अंतर्गत स्थापित मीठा शक्ति आहार एवं नमकीन पौष्टिक दलिया निर्माण संयंत्र का विधिवत लोकार्पण किया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पूरक पोषण आहार योजना के अंतर्गत सामग्री उत्पादन को पुन: महिला स्व सहायता समूहों के माध्यम से संचालित करने का निर्णय लिया गया है। संयंत्र के माध्यम से एकीकृत बाल विकास परियोजना भैयाथान के 366 आंगनबाड़ी केंद्रों को पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जाएगा। उत्पादन व्यवस्था महिला समूह के माध्यम से संचालित होने से न केवल पोषण कार्यक्रम को मजबूती मिलेगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को रोजगार, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण भी प्राप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्व सहायता समूह की अध्यक्ष चमेली देवी एवं समूह की सदस्याओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला समूहों के माध्यम से पोषण आहार उत्पादन का निर्णय शासन की दूरदर्शी नीति है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाते हुए पोषण अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करना है। लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अखिलेश प्रताप सिंह, जनपद उपाध्यक्ष भैयाथान राजीव प्रताप सिंह, सुनील साहू, एसडीएम चांदनी कंवर, तहसीलदार शिवनारायण राठिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love