बलरामपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में रामानुजगंज पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। प्रकरण में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने तूफानी पासवान 25 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 06, रामानुजगंज को गिरफ्तार किया है, जो पिछले कुछ दिनों से फरार चल रहा था।
गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर नशे के सौदागरों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। इसी कड़ी में 12 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंटू सोनी को रिंग रोड, रामानुजगंज से गिरफ्तार किया था। आरोपी नशे के इंजेक्शन और टेबलेट बेचने के प्रयास में था। उसके कब्जे से पुलिस ने 210 नग अल्प्राजोलम टेबलेट, 7 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन, 5 नग एविल इंजेक्शन जप्त किया था और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। जांच के दौरान पाए गए नशे की दवा सप्लाई करने वाले आरोपियों दिलीप उर्फ भलटू गुप्ता निवासी झारखंड एवं रमेश कश्यप रामानुजगंज निवासी को भी गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। इसी मामले में फरार चौथे आरोपी तूफानी पासवान को 19 नवंबर को पुलिस की टीम ने पकड़ा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।

Spread the love