0 कोल्हूआ कछवारी स्कूल में हुए विविध सांस्कृतिक आयोजन

बिहारपुर। बाल दिवस के मौके पर संकुल केंद्र महुली अंतर्गत कोल्हूआ-कछवारी स्कूल में उत्साह के साथ विविध कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह से ही स्कूल परिसर पूरी तरह उत्साह, जोश और बच्चों की मुस्कान से जगमगा रहा था। शिक्षक और विद्यार्थी सभी बाल दिवस के इस विशेष अवसर को यादगार बनाने में जुटे रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजा एवं राष्ट्रगीत के साथ की गई। इसके बाद बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, गीत, कविता पाठ और छोट-छोटी नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को देखकर अभिभावक और शिक्षक दोनों बेहद उत्साहित नजर आए।

विद्यालय के शिक्षक संजय जयसवाल सहित पूरे शिक्षकीय स्टाफ ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से विशेष प्रेम करते थे, इसलिए उनके जन्म दिवस को बच्चों को समर्पित किया गया है। उन्होंने बच्चों को ईमानदारी, कड़ी मेहनत, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। जिसमे विजयी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। स्कूल में संचालित संवेग टीम ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए न सिर्फ मनोरंजन का माध्यम बना बल्कि उन्हें सीखने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मिठाई और उपहार वितरित किए गए। पूरे स्कूल में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

Spread the love