जिले के 56 केंद्रों में होगी परीक्षा आयोजित, 18 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 7 दिसम्बर को जल संसाधन विभाग अंतर्गत अमीन भर्ती परीक्षा 2025 का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सरगुजा जिला अंतर्गत 56 परीक्षा केन्द्रों में लगभग 18,779 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। यह परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। कलेक्टर विलास भोसकर ने परीक्षा के सफल संचालन हेतु अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने कहा है।
व्यापम द्वारा जारी निर्देशानुसार परीक्षार्थी को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुंचना होगा, ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व अर्थात सुबह 11.30 बजे परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देंगे। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़ा पहनना वर्जित होगा। साधारण स्वेटर, बिना पॉकेट का पहनने की अनुमति होगी। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना होगा। स्वेटर हेतु आधे बांह एवं हल्के रंग का बंधन नहीं है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने उपरांत ही ऐसे पोशाक की अनुमति होगी। फुटवियर के रूप में चप्पल पहनें, कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णत: वर्जित है। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्रवाई व अभ्यर्थिता समाप्त की जाएगी। परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में केवल काले या नीले बॉल पांइट पेन लेकर ही आएंगे।

Spread the love