ग्रामीणों ने अडानी के विरूद्ध सड़क जाम करके दो घंटे किया प्रदर्शन

उदयपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग में डांडगांव के पास एनएच 130 में दुकान तोड़ते हाइवा पलट गया। इसके चपेट में एक बालक भी आ गया, जिसे अस्पताल रवाना किया गया। सूचना मिलने पर मौके पर उदयपुर थाना पुलिस पहुंची। वहीं हादसे से बौखलाए ग्रामीण अडानी के खिलाफ सड़क पर उतर गए और धरना-प्रदर्शन शुरू करते हुए लगभग दो घंटे सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने ग्रामीणों से चर्चा करके चक्काजाम समाप्त करवाया।  
जानकारी के मुताबिक अडानी कोल माइंस से सैकड़ों कोयला लोड भारी वाहनें निकलती है। चालकों के द्वारा लापरवाही पूर्वक कोयला लोड भारी वाहनों का संचालन किया जाता है, जिससे आए दिन दुर्घटना की स्थिति बनती है। इसी क्रम में उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डांडगांव के पास सुबह 9 बजे अडानी माइंस से कोयला लोड करके जा रहे चालक का हाइवा क्रमांक सीजी 10 डीएम 7002 से नियंत्रण हट गया और आरिफ खान के दुकान को तोड़ते हाइवा वाहन पलट गई। इस दौरान प्री मैट्रिक छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने वाला कक्षा आठवीं का छात्र कामेश्वर सिंह निवासी प्रेमनगर सहित कुछ अन्य लोग जख्मी हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर लोगों का हुजूम जमा हो गया और देखते ही देखते सड़क जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने घायल बालक को उदयपुर अस्पताल भिजवाया, जिसे काफी चोटें आई थी। घटना से बौखलाए ग्रामीण उग्र हो गए और अडानी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिए। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ली है। बच्चे का स्थिति गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है घायल बालक अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, इसी दौरान हाइवा वाहन पलटने की घटना हुई।

Spread the love