0 समिति द्वारा की जा रही महापर्व की व्यापक तैयारियां, दुल्हन की तरह सज रहा रेणुका का  तट

0 विधायक भूलन, कलेक्टर व एसएसपी ने घाट पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा, दिए आवश्यक निर्देश

सूरजपुर। शनिवार को नहाय खाय के साथ तीन दिनो तक चलने वाला सूर्योपासना का महापर्व छठ प्रारम्भ हो गया। आज रविवार 26 अक्टूबर को खरना, घाट बंधान एवं सोमवार 27 अक्टूबर को व्रतियों द्वारा अस्ताचलगामी भगवान भाष्कर को अर्घ्य दिया जाएगा। मंगलवार 28 अक्टूबर को उदयीमान भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। छठ महापर्व को लेकर छठ पूजा समिति के द्वारा रेणुका नदी के तट स्थित छठ घाट में साफ सफाई के साथ श्रद्धालुओ की सुविधा के दृष्टिगत व्यापक व्यवस्थाओ के साथ रेणुका के तट को रंग बिरंगे रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। जहां शहर सहित आसपास क्षेत्र से बड़ी संख्या में व्रती परंपरानुसार पूजन अर्चन पश्चात भगवान भष्कर अर्घ्य देंगे। वहीं शहर के नए बाजारपारा स्थित छठ तालाब में भी साफ सफाई के साथ अन्य व्यवस्थाएं की जा रही है। क्षेत्रीय विधायक भूलन सिंह मराबी, कलेक्टर एस जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर, एसडीएम श्रीमती शिवानी जायसवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रभाकर शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने रेणुका नदी स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने प्रशासनिक स्तर पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारी कर्मचारियों को दिए है। जबकि नगर पालिका की पूरी टीम छठ घाट पर समुचित व्यवस्था करने के लिए जुटी हुई है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओ की उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा एवं यातायात  की चकाचौंबंद व्यवस्था के लिए भी पुलिस कप्तान ने निर्देश दिए है। 

0 वाराणसी के कलाकार करेंगे छठी मईया के भजनो की अमृतवर्षा 

छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं के मनोरंजन हेतु विशेष कार्यक्रम की व्यवस्था की गई है जो सोमवार की शाम से प्रारम्भ होकर 2मंगलवार अल सुबह तक चलेगा। उक्त आयोजन के दौरान वाराणसी से आमंत्रित कलाकार अनिकेत कुमार एवं विजिता की टीम द्वारा छठी मईया के भजनों की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। 

0घाटों पर पुलिस अधिकारी व जवानों की रहेगी कड़ी चौकसी, बनेगा अस्थाई पुलिस कन्ट्रोल रूम

लोक आस्था के इस महापर्व को  एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने शनिवार को शहर के रेणुका नदी स्थित  छठ घाट का जायजा लिया जहां घाट की सफाई सहित समुचित व्यवस्था को दुरूस्त करने की कवायत तेजी से जारी है। नदी में पानी की अधिकता को देखते हुए उन्होंने छठ घाट पर लाइटिंग के साथ गोताखोर और मेडिकल टीम की तैनाती समेत कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसएसपी ने बताया कि जिले में जिन-जिन स्थानों पर छठ पर्व मनाया जाता है वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध किए है। छठ पूजा के दौरान पूरे जिले भर में विभिन्न घाटों पर 350 से अधिक संख्या में पुलिस अधिकारी, पुलिस के जवान को तैनात किए जायेंगे।

0शहर की व्यवस्था सुगम बनाने मुस्तैद रहेगी पेट्रोलिंग टीम

 छठ घाट के अलावा शहर की भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए पुलिस की कई पेट्रोलिंग टीमें लगातार मुस्तैद रहेगी, घाट पर अस्थाई पुलिस कन्ट्रोल रूम बनाया जायेगा। किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर कन्ट्रोल रूम के नंबर 9479193999 पर सूचना दी जा सकती है।

रेड़ नदी मुख्य छठ घाट पर उमड़ने वाली भीड़, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों से भी चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा समिति द्वारा व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही तैयारी की भी जानकारी ली और कई जरूरी निर्देश भी दिए। यातायात प्रभारी को वाहनों की पार्किंग के उचित इंतेजाम करने के निर्देश दिए। समिति की ओर से यहां व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के सुविधा के लिए की जा रही तैयारी पर संतोष जताया। इस दौरान छठ पूजा समिति गणेश सोनी, सुनील विश्वकर्मा अनिल गुप्ता, गोविन्द साहू, संतोष सोनी, पंकज चौबे, प्रदीप सोनी, सुनील सोनी, संजय सोनी, श्रवण जैन, सूरज अवस्थी, मुदित जैन, विक्की मिश्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिकगण मौजूद रहे।

0 भारी वाहन रहेंगे प्रतिबंधित

 पुलिस ने छठ पर्व को लेकर सोमवार, 27 अक्टूबर की दोपहर 12 बजे से मंगलवार 28 अक्टूबर की सुबह 10 बजे तक महगवां चौक से रिंग रोड़ कर्मा चौक तक सभी भारी वाहनों को प्रतिबंधित किया है। इसी प्रकार उक्त अवधि समय पर विश्रामपुर से भटगांव मार्ग, दतिमा से विश्रामपुर तक सभी भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

0 महापर्व को लेकर चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में उत्साह का माहौल

 छठ महापर्व को लेकर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के महुली, कोल्हूआ, शाहिद और आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल है। महिलाओं द्वारा नदी और तालाबों के घाटों की सफाई, सजावट और समतलीकरण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। श्रद्धालु छठ महापर्व को लेकर पूरी तरह तैयारियों में जुट गए हैं।

गांव-गांव में भक्ति और आस्था की लहर दौड़ पड़ी है। घरों में प्रसाद के लिए थोहरी, ईख, नारियल और ठेकुआ की तैयारी चलरही है। हर तरफ छठ मइया के गीतों की गूंज सुनाई दे रही है।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतज़ाम किए हैं। नदी किनारों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई व्यवस्था और रोशनी की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भक्ति, अनुशासन और पवित्रता का प्रतीक छठ पर्व गांवों में सामाजिक एकता और लोक परंपरा का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

Spread the love