0  संचार सेवा ठप,  ग्रामीणों में नाराज़गी 

चांदनी बिहारपुर। क्षेत्र के खोहीर आश्रित ग्राम बैजनपाठ में स्थापित बीएसएनएल मोबाइल टावर पिछले एक महीने से बंद पड़ा हुआ है। टावर बंद होने से गांव सहित आसपास के कई इलाकों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों को  परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया है कि बैजनपाठ में बीएसएनएल का यह टावर वर्ष 2024 में बनाया गया था, जो 2025 में चालू किया गया। शुरू में कुछ महीनों तक नेटवर्क सुचारु रूप से चलता रहा, लेकिन अब यह टावर पिछले एक महीने से पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि टावर बंद होने से बैंकिंग, ऑनलाइन पढ़ाई, शासकीय योजनाओं की जानकारी और जरूरी फोन संपर्क सभी बाधित हो गए हैं। मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलने से ग्रामीण अपने परिजनों से बात तक नहीं कर पा रहे हैं।

स्थानीय युवा बताते हैं कि जब यह टावर चालू हुआ था तो गांव में खुशी का माहौल था। लोगों ने बीएसएनएल सिम खरीदकर सेवा शुरू की, लेकिन अब टावर बंद होने से पुनः क्षेत्र के लोगो को दिक्कते हो रही है।  ग्रामीणों ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को बार-बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई सुधार कार्य नहीं हुआ। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि टावर की पावर सप्लाई या उपकरणों में तकनीकी खराबी आई है, लेकिन विभाग की उदासीनता के चलते मरम्मत कार्य नहीं हो पा रहा है।

0 डिजिटल इंडिया के दावे पर सवाल

सरकार जहाँ “डिजिटल इंडिया” और “गांव-गांव इंटरनेट” का दावा करती है, वहीं बैजनपाठ जैसे ग्रामीण इलाकों में नेटवर्क ठप रहना उन दावों पर सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या से छात्रों की पढ़ाई, किसानों की योजना संबंधी जानकारी और आपात संपर्क सभी प्रभावित हो रहे हैं। गांव के लोगों ने विभाग से तत्काल तकनीकी टीम भेजकर टावर को फिर से चालू करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सेवा बहाल नहीं की गई तो वे जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। गांव के  नागरिक ने कहा हमने बीएसएनएल का सिम इसलिए लिया था कि अब हमारे गांव में नेटवर्क रहेगा, लेकिन यह तो कुछ दिन चलकर फिर बंद हो गया। अब न कॉल हो रहा है, न इंटरनेट चल रहा है।

Spread the love