0 हाईमास्क लाइट लगाने खोदा गया गड्ढा श्रद्धालुओं के लिए बना खतरा

सूरजपुर, बिहारपुर। क्षेत्र का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां गढ़वतिया देवी धाम आज भी अंधेरे में डूबा हुआ है। सांसद चिंतामणि महाराज के स्पष्ट निर्देश और आश्वासन के बावजूद धाम में हाईमास्ट लाइट नहीं लग पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सब क्रेडा विभाग की लापरवाही और ठेकेदार की टालमटोल का नतीजा है।
ग्रामीणों ने बताया कि जब काम शुरू हुआ था, तो उन्होंने मांग रखी थी कि सबसे पहले हाईमास्ट लाइट मां गढ़वतिया देवी धाम मंदिर परिसर के ऊपर ही लगे। लेकिन उस समय क्रेडा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने कहा कि पहले ग्राम देवता और मेला परिसर की धर्मशाला के पास लाइट लगा दीजिए, उसके बाद धाम के ऊपर लाइट लगाई जाएगी।।ग्रामीणों ने इस भरोसे पर सहमति दी और नीचे दो हाईमास्ट लाइटें लग गईं। इसके बाद ठेकेदार पहाड़ पर लाइट लगाने की बजाय केवल गड्ढा खोदकर काम अधूरा छोड़कर चला गया। आज तक वह गड्ढा वैसे ही पड़ा हुआ है, जिसमें बरसात का पानी भरकर श्रद्धालुओं और मंदिर परिसर के लिए खतरा बन गया है। गड्ढे की वजह से पहाड़ी की दीवार कमजोर होकर गिरने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्रेडा विभाग के अधिकारियों ने जिम्मेदारी लेकर भरोसा दिलाया था कि धाम में लाइट लगाई जाएगी, लेकिन छह महीने से ज्यादा बीत जाने के बाद भी ठेकेदार ने काम पूरा नहीं किया। क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक रामप्रताप जायसवाल ने कहा कि गड्ढा श्रद्धालुओं के लिए खतरा है, दीवार कभी भी गिर सकती है। संतोष जायसवाल ने बताया कि ग्रामीणों ने भरोसा किया, लेकिन ठेकेदार और विभाग ने आस्था से खिलवाड़ किया।
अशोक कुमार जायसवाल कहते है कि क्रेडा विभाग की लापरवाही के कारण मां गढ़वतिया धाम आज भी अंधेरे में है। राजेश जायसवाल का कहना है कि गांव वालों को समझा कर काम रुकवाया गया था, लेकिन अब धोखा मिला। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत धाम में हाईमास्ट लाइट लगाए, अधूरा गड्ढा भरवाए और पहाड़ी की दीवार को मजबूत कराए। उनका कहना है कि अगर अब भी कार्रवाई नहीं हुई तो धाम में बड़ा हादसा हो सकता है।

0 ठेकेदार ने किया इंकार

क्रेडा के जिलाधिकारी रंजीत यादव ने बताया कि “ठेकेदार ने पहाड़ी पर हाईमास्ट लगाने से इंकार कर दिया है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।”

Spread the love