खैरबार में दो ग्रामीणों से 25 लीटर महुआ शराब जप्त, एक आरोपी जेल दाखिल
एक आरोपी कार्रवाई के बाद मुंह धोने के बहाने नहर में कूदकर भागा


अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने सरगुजा जिले के खैरबार निवासी दो आरोपियों से 25 लीटर महुआ शराब जप्त किया करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, एक आरोपी फरार होने में सफल हो गया।
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम उपायुक्त आबकारी विजय सेन शर्मा के मार्गदर्शन में 14 मई को मठपारा के तीन आरोपियों को जेल दाखिल की थी। इसी तारतम्य में मुखबिर ने सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को अवगत कराया कि कोतवाली थाना अंतर्गत खैरबार में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब का निर्माण करके कुछ लोग बेच रहे हैं। 15 मई को टीम सुबह-सुबह छद्म क्रेता को खैरबार एरिया में महुआ शराब खरीदी करने के लिए भेजी। खैरबार के गोविंद लकड़ा एवं रामेश्वर एक्का के घर से महुआ शराब 100-100 रुपये में खरीदने के बाद दोनों के घर में छापामार कार्रवाई टीम की और गोविंद लकड़ा के घर से 16.5 लीटर महुआ शराब और 40 किलोग्राम महुआ लहान जप्त व रामेश्वर एक्का के घर से 9 लीटर महुआ शराब जप्त किया गया। गोविंद लकड़ा कार्रवाई के बाद मुंह धोने के बहाने गया और टीम की आंखों के सामने सूखे नहर को कूदकर भागने लगा। टीम ने उसे काफी दूर तक दौड़ाया परंतु वह भागने में सफल हो गया। मौके पर ही गोविंद लकड़ा का फरारी पंचनामा तैयार करके रामेश्वर एक्का को आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59 (क) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल का आदेश प्राप्त हुआ। गोविंद लकड़ा के फरार होने की सूचना न्यायालय को दी गई। फरार आरोपी के तलाश में टीम लगी है। उक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता व आबकारी उप निरीक्षक टीआर केहरी के साथ मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, कुमारु राम, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता एवं महिला सैनिक  संगीता उपस्थित रहे।  

Spread the love