अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के प्रेमनगर थाना अंतर्गत कक्षा 11वीं की एक छात्रा के समक्ष विवाह का प्रस्ताव रखने वाले युवक ने विवाह नहीं करने पर उठाकर ले जाने और चाकू से गोदकर जान से मार देने की धमकी दी है। परेशान छात्रा ने इसकी रिपोर्ट थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी में दर्ज कराई है। रिपोर्ट पर पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
छात्रा ने पुलिस को बताया है कि वह पैदल अपने घर से स्कूल आना-जाना करती है। स्कूल आते-जाते समय गांव का ही मनीष कुमार पन्नू रोजाना उसे छेड़ता था और अपना मोटरसायकल सामने लगा देता था। आरोपी चाकू दिखाकर एक ही जाति का होने की बात कहकर विवाह करने का प्रस्ताव रखा और विवाह नहीं करने पर चाकू से गोद-गोदकर मार देने की धमकी देने लगा। आरोपी ने उसे घर में कुछ नहीं बताने और घर में बताने पर बदनाम कर देने की धमकी दी, जिससे वह किसी लायक नहीं रहेगी। छात्रा ने आरोपी युवक के द्वारा रोजाना गंदी नीयत से देखने व विवाह करने का दबाव पिछले एक वर्ष से बनाने की जानकारी पुलिस को दी है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है और डर से अच्छे से पढ़ाई भी नहीं कर पा रही है। आरोपी हद पार करते हुए 13 मई को करीब 4 बजे छात्रा के घर के पास पहुंच गया और धमकी भरे लहजे में पूछा कि तुम मेरे से विवाह करोगी या नहीं, जब वह बोली कि मुझे पढ़ाई करना है, तुम मुझे प्रताड़ित मत करो, तो वह उसको घर से ही उठा कर ले जाने और हल्ला करने पर जान से मार देने की धमकी देने लगा। युवक की हरकत से भयभीत होकर वह पूरे घटना की जानकारी अपने पिता सहित घर वालों को दी, इसके बाद पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Spread the love