सहयोगी राजू खान की पुलिस कर रही तलाश

कई लोगो को बना चुका है ठगी और ऋण का शिकार

कोरिया। जिले में लोगों को उधारी देकर ज्यादा रकम वसूलने और ठगी करने के मामले में पुलिस ने कुख्यात सूदखोर इम्तियाज़ खान को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है वहीं इसका एक सहयोगी राजू खान अब तक फरार है जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 15 जनवरी 2024 को प्रार्थी बृजलाल पिता अदलसाय निवासी सुभाष नगर ने थाना चरचा मे लिखित आवेदन पत्र प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह बैकुंठपुर निवासी राजू खान से जरूरत पड़ने पर 20 हजार रूपये उधार लिया था जिसके एवज में उसने आधार कार्ड, पेन कार्ड, कोरा फॉर्म और चेक बुक में हस्ताक्षर कराकर रख लिया था। राजू खान उर्फ जमील, इम्तियाज़ खान एवं बुतु तीनो ने चेक तथा लोन स्वीकृत कराकर कुल 33 लाख 89 हजार रूपये मेरे खाते से आहरण कर लिए है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 13/24 धारा 386, 294, 506, 34 भादवि., 04 कर्जा एक्ट एवं 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट का अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। इसी प्रकार 16 मई 2024 को प्रार्थी उत्तम कुमार पिता करन साय निवासी कंचनपुर ने थाना बैकुंठपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था की मेरे द्वारा राजू खान उर्फ जमील निवासी डबरीपारा से तबियत खराब होने पर 5 हजार रूपये ब्याज पर लिया था जिसके जमानत के तौर पर उसने कोरा फॉर्म एवं चेक बुक में हस्ताक्षर करवाकर रख लिया था। कुछ समय बाद में मेरा एक्सीडेंट हो जाने पर मैंने एसईसीएल की नौकरी से रिटायर्डमेंट ले लिया जिसके बाद मेरे खाते में पी.एफ. की राशि कुल 12 लाख 83 हजार रूपये आये जिसमें से हस्ताक्षर करवाकर रखे हुए चेक के माध्यम से राजू खान और इम्तियाज़ खान ने 9 लाख 80 हजार रूपये मेरे खाते से अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया और उनसे पूछने पर उनके द्वारा मुझे जातिसूचक अश्लील गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दिया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 170/24 धारा 420, 294, 506, 323, 35 भादवि., 04 कर्जा एक्ट एवं 3 (2)(V) एससी/एसटी एक्ट का अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। उपरोक्त दोनों प्रकरण के आरोपी इम्तियाज़ खान पिता शेराज अहमद उम्र 30 वर्ष निवासी डबरीपारा बैकुंठपुर वर्तमान में जबलपुर मध्यप्रदेश में रहने की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक कोरिया सूरज सिंह परिहार के द्वारा एक पुलिस टीम गठित कर जबलपुर रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी इम्तियाज़ खान को जबलपुर से पकडकर बैकुंठपुर लाया गया।आरोपी इम्तियाज़ खान से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बैकुंठपुर के अपराध को अपने साथी राजू खान उर्फ जमील के साथ एवं थाना चरचा के अपराध को राजू खान उर्फ जमील एवं बुतु के साथ घटित करना स्वीकार किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जिला जेल बैकुण्ठपुर में दाखिल किया गया है। थाना चरचा वाले प्रकरण में बुतु की गिरफ्तारी पूर्व में कोरिया पुलिस द्वारा की जा चुकी है। उपरोक्त दोनों प्रकरणों के एक अन्य आरोपी राजू खान उर्फ़ जमील फरार है जिसकी निरंतर पता तलाश जारी है। कोरिया पुलिस की अपील है कि इसकी सूचना मिलने पर तत्काल जानकारी दें।

Spread the love