बिश्रामपुर। नगर में स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में प्राचार्य एचके पाठक के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एलआर साहू व वरिष्ठ क्रीड़ा शिक्षक पीके वैद्य के नेतृत्व में 16 जुलाई को एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत विद्यालय परिसर में आम, जामुन, अमरूद, नीम, पाम,  मौलश्री आदि पौधों का पौधरोपण किया गया। प्राचार्य एचके पाठक ने कहा कि पेंड-पौधे प्रकृति के श्रृंगार हैं। पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण अति आवश्यक है। पेंड-पौधे मां की तरह हमारा पालन पोषण कर हमें नवजीवन प्रदान करते हैं। ये हमें शुद्ध प्राण वायु, फल-फूल व कीमती औषधियां प्रदान करते हैं और पशु-पक्षियों के लिए आश्रयदाता हैं। उन्होंने स्वस्थ  जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर ज़ोर देते हुए धरा को हरा-भरा बनाए रखने का संदेश दिया। आयोजन को सफल बनाने में ग्रंथपाल रामजी सिन्हा, अध्यापक राजदेश पांडेय, ऋषभ रॉय एवं स्वयंसेवकों सहित विद्यालय परिवार का योगदान रहा।

Spread the love