अंबिकापुर। मोबाइल खरीद कर नहीं देने पर छात्रा कीटनाशक का सेवन कर ली। छात्रा को गंभीर हालत में शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया है ।
जानकारी के अनुसार रामानुजनगर थाना अंतर्गत ग्राम पंपापुर निवासी हेमलता यादव पिता विष्णु राम यादव 16 वर्ष, रामानुजनगर स्थित स्कूल में कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। छात्रा कई दिनों से स्वजन से मोबाइल खरीदकर देने के लिए कह रही थी, जिस पर उन्होंने 12वीं बोर्ड की परीक्षा के बाद मोबाइल खरीदकर देने कहा था। मोबाइल नहीं मिलने से क्षुब्ध छात्रा 31 जुलाई को घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर ली। इसकी जानकारी मिलने पर स्वजन उसे क्षेत्रीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराए थे। चिकित्सकों ने छात्रा की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया। छात्रा का गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, इस दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया है।

Spread the love