अंबिकापुर। सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भंवराडांड में घर के बगल में खोदे गए सेप्टिक टैंक के गड्ढे में लबालब भरे बारिश के पानी में दो बच्चे खेल-खेल में नहाने लगे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए, एक बच्चे की पानी की गहराई में डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरे बच्चे को लोगों ने फौरन पानी से बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत भवराडांड का मुनेश्वर एक्का अपने घर के बाजू में सेप्टिक टैंक निर्माण के लिए गड्ढा खुदवाया था, जो बारिश के पानी से लबालब भरा हुआ था। सोमवार को दोपहर लगभग 1.30 बजे मुनीश्वर का 13 वर्षीय पुत्र प्रताप एक्का और 12 वर्षीय भतीजा विराट लकड़ा पिता मोहन लकड़ा उसी गड्ढे के पास खेलते पहुंचे और नहाने लगे। इस दौरान उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और दोनों गहरे पानी में जाने लगे। इस बीच प्रताप चिल्लाकर मदद के लिए आवाज लगाया, जिसे सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और इन्हें बाहर निकाला। विराट पूरी तरह से बेहोशी की हालत में आ गया था। स्वजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मुनेश्वर अपनी पत्नी एवं पुत्री के साथ किसी काम से सीतापुर आया था। घटना की सूचना मिलते ही वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। इसके बाद हृदयविदारक स्थिति बन गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृत विराट ग्राम पंचायत रजौटी निवासी मोहन लकड़ा व अनीता का छोटा पुत्र था, जो भवराडांड़ में अपनी मौसी के यहां विगत 4 साल से रहकर स्वामी आत्मानंद स्कूल देवगढ़ में पढ़ाई कर रहा था। इस घटना के बाद से दोनों परिवार में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत बालक के शव का पंचनामा, पोस्टमार्टम कराया है। मामले में मर्ग कायम कर शव स्वजनों को सौंप दिया गया है।

Spread the love