00 लोनिवि सचिव ने जांची सड़को की गुणवत्ता

00 लापरवाही पर ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने और ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश

सूरजपुर।लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल  लगातार दो दिनों से सड़कों, पुल-पुलियों, कॉलेजों, अस्पताल और अन्य निर्माण एवं संधारण कार्यों का सघन निरीक्षण किया।  श्री बंसल ने निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार और सड़क संधारण में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने, बैंक गारंटी राजसात करने तथा सुधार नहीं होने पर ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता मानकों के पालन और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।लोक निर्माण के सचिव श्री बंसल ने प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, अंबिकापुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.पी. संत, अंबिकापुर मंडल के अधीक्षण अभियंता आर.एस. तोमर तथा संबंधित संभागों के कार्यपालन अभियंताओं व अनुविभागीय अधिकारियों एवं ठेकेदारों के साथ, प्रतापपुर, भैयाथान और सूरजपुर में सड़कों की स्थिति तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने सड़क संधारण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।सूरजपुर जिले में सचिव श्री बंसल ने बिशुनपुर, सूरजपुर-ओड़गी मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क पर डामरीकरण तत्काल प्रारंभ करने तथा उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने 27 किलोमीटर लंबे तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर मार्ग के निर्माण कार्य की भी प्रगति देखी। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार ने बताया कि लगभग 10 किलोमीटर सड़क पर डब्ल्यूएमएम का कार्य पूरा कर लिया गया है। बैच मिक्स प्लांट भी स्थापित हो चुका है। अगले तीन-चार दिनों में प्लांट के कैलिब्रेशन सहित आवश्यक कार्य पूर्ण कर डामरीकरण प्रारंभ कर दिया जाएगा। ठेकेदार ने जून 2027 तक अनुबंध के सभी कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया। इस पर सचिव श्री बंसल ने डामरीकरण जल्द शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।श्री बंसल ने सूरजपुर स्थित कलेक्टर बंगले में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, सूरजपुर ऑडिटोरियम के मरम्मत कार्य तथा जिले में निर्माणाधीन अन्य कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान सचिव श्री बंसल ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, सड़क संधारण में तत्परता तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Spread the love